सीएम के दौरे से पहले विंध्यधाम में तेज हुई तैयारियां, घाटों से हेलीपैड तक प्रशासन अलर्ट
- 15 अक्टूबर को मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे योगी
- कालीखोह मोड़ पर समतलीकरण और गंगाघाटों पर सफाई तेज
मीरजापुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 15 अक्टूबर को प्रस्तावित विंध्याचल दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन से लेकर जनसभा और गंगाघाटों के निरीक्षण तक की तैयारियों के लिए अधिकारी जुटे हैं। मोतीझील मार्ग स्थित हेलीपैड और संपर्क मार्गों पर निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। वहीं, कालीखोह मोड़ पर प्रस्तावित जनसभा स्थल को तैयार करने के लिए जेसीबी और पोकलैंड मशीनों से जमीन का समतलीकरण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि मुख्यमंत्री नवरात्र की पंचमी तिथि पर मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद जनसभा के माध्यम से लोगों को संबोधित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रशासनिक तैयारियों के तहत हेलीपैड तक पहुंचने वाले मार्गों पर गिट्टी और मिट्टी डालकर सड़क निर्माण का काम कराया जा रहा है। जनसभा स्थल पर भी टेंट सहित अन्य व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। पुलिस ने कालीखोह मोड़ पर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:40 बजे से दोपहर 12:55 बजे तक विंध्य क्षेत्र में रहेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
गंगाघाटों पर सफाई, सुरक्षा के इंतजाम
मुख्यमंत्री के संभावित गंगाघाट भ्रमण को देखते हुए घाटों पर साफ-सफाई का काम तेज कर दिया गया है। निर्माणाधीन विंध्य की पैड़ी का भी अवलोकन प्रस्तावित है। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों के आसपास स्थित भवनों की छतों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
गंगाघाटों से हटाए गए भिक्षुओं के डेरे
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले गंगाघाटों पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी गई है। इसी क्रम में घाटों पर परिवार सहित डेरा जमाए कुछ भिक्षुओं को हटाया गया। हालांकि, उन्हें हटाने के पीछे प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

