मीरजापुर में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, अधिकारियों को दिया जा रहा डिजिटल प्रशिक्षण
मीरजापुर, 05 मई (हि.स.)। जनगणना 2027 को पारदर्शी व त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को मीरजापुर कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अधिकारियों व नोडल अधिकारियों को मकान सूचीकरण एवं गणना के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य पूरी तरह डिजिटल मोड में किया जाएगा, इसलिए सभी अधिकारी तकनीकी व व्यवहारिक पहलुओं को गंभीरता से समझ लें, ताकि कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा हो सके। उन्होंने बताया कि 7 से 21 मई तक स्व-जनगणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें पहली बार मोबाइल एप जनगणना 2027-एचएलओ
के माध्यम से डेटा संग्रह किया जाएगा।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को मोबाइल एप के उपयोग, आईडी-पासवर्ड निर्माण, पोर्टल संचालन, मकान सूचीकरण, परिवार की श्रेणियां, भवन पहचान व नंबरिंग सहित विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों से अपील की गई कि वे स्वयं स्व-जनगणना करें और आम लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, एडीएम अजय कुमार सिंह, एसडीएम सदर गुलाब चंद्र, मड़िहान व चुनार के उपजिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

