home page

साइबर क्राइम पुलिस ने ठगी के 7.14 लाख रुपये पीड़ित को कराए वापस

 | 
साइबर क्राइम पुलिस ने ठगी के 7.14 लाख रुपये पीड़ित को कराए वापस


प्रयागराज, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को पीड़ित के खाते में 7,14,000 रुपये वापस कराया। खाते में पैसे वापस आने पर पीड़ित ने भूरि भूरि प्रशंसा की।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि साइबर क्राइम थाने में वर्ष 2025 में धारा 319(2)/318(4) भा.न्या.सं. व 66C/66D आईटी एक्ट के मामले में यह धनराशि वापस कराई गई। किसी अज्ञात व्यक्ति ने पीड़ित को ऑनलाइन शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा देने का लालच देकर साइबर ठगी की थी। इस दौरान पीड़ित के खाते से कुल 18,39,000 रुपये निकाल लिए गए थे। मामले में तहरीर के आधार पर साइबर क्राइम थाना प्रयागराज में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच और बैंकिंग समन्वय के माध्यम से ठगी की गई धनराशि में से 7,14,000 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए गए।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई और बैंक समन्वय के माध्यम से पीड़ितों की धनराशि वापस कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील किया कि किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या निवेश के लालच में आकर पैसे न लगाएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण गौतम और कांस्टेबल अभिषेक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सतर्क रहें और जागरूक रहें, क्योंकि साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा तरीका जागरूकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल