home page

पीएम आवास योजना शहरी-2 की पहली किस्त जारी, प्रयागराज के 3379 लाभार्थियों को मिले एक-एक लाख रुपये

 | 
पीएम आवास योजना शहरी-2 की पहली किस्त जारी, प्रयागराज के 3379 लाभार्थियों को मिले एक-एक लाख रुपये


प्रयागराज, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2.0 के तहत सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में 900 करोड़ रुपये की अनुदान राशि जारी की। इसमें प्रयागराज जिले के 3379 लाभार्थियों के खाते में एक-एक लाख रुपये की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई।

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एनआईसी कक्ष में किया गया, जहां उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नंदी की मौजूदगी में लाभार्थी वर्चुअल कार्यक्रम से जुड़े। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रयागराज की लाभार्थी अर्चना, निवासी कुवांडीह सरायइनायत तहसील फूलपुर से संवाद कर उन्हें मिल रही योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली। कार्यक्रम के बाद संगम सभागार में आयोजित समारोह में 25 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

मंत्री नन्दी ने कहा कि आवास मानव जीवन की मूल आवश्यकताओं में से एक है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि हर जरूरतमंद को सम्मानजनक और सुविधायुक्त आवास मिले। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी सोच को प्रदेश में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले शहरी गरीबों के लिए पक्का मकान सपना था, लेकिन अब सरकार बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने बताया कि यदि कोई लाभार्थी एक वर्ष के भीतर अपना आवास पूर्ण कर लेता है तो राज्य सरकार की ओर से उसे 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं एकल महिला को 20 हजार और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को 30 हजार रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी, कोरांव विधायक राजमणि कोल, जिलाधिकारी मनीष कुमार, अपर नगर आयुक्त अरविंद राय, परियोजना अधिकारी प्रतिभा श्रीवास्तव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल