अंतरराष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में इविवि की मुस्कान और कृति उपविजेता
30 टीमों ने लिया हिस्सा, छात्राओं को ट्रॉफी, 20 हजार रुपये और प्रमाणपत्र से किया गया सम्मानित
प्रयागराज, 01 अक्टूबर (हि.स.)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विधि पंचवर्षीय पाठ्यक्रम के पांचवें सेमेस्टर की छात्राओं मुस्कान त्रिपाठी और कृति निषाद ने राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, प्रयागराज की ओर से आयोजित अंतरराष्ट्रीय वाद-विवाद प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल किया।
26 सितंबर को आयोजित प्रतियोगिता में देश-विदेश की कुल 30 टीमों ने प्रतिभाग किया। दोनों छात्राओं को उपविजेता के रूप में गुरुवार काे ट्रॉफी, 20 हजार रुपये की नकद राशि और प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर विधि संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. आदेश कुमार ने छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने कहा कि विश्वविद्यालय की छात्राओं की इस उपलब्धि से संस्थान का गौरव बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उपविजेता बनना उनकी मेहनत, विषय की समझ और प्रभावी प्रस्तुति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सहभागिता से उनमें तर्क, अभिव्यक्ति और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

