home page

प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

 | 
प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट


-30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका

प्रयागराज, 22 अगस्त (हि.स.)। आगामी चौबीस घंटे के मध्य प्रयागराज सहित उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज चमक एवं तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। शनिवार सुबह अचानक मौसम ने करवट ली और प्रदेश की राजधानी लखनऊ, बाराबंकी और प्रयागराज शहर सहित आस-पास जिलों में बारिश हुई।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। तत्कालिक चेतावनी सुबह 4:53 बजे जारी की गई, जो सुबह 7:53 बजे तक प्रभावी थी।

मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, संत रविदास नगर (भदोही), जौनपुर, प्रतापगढ़, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, इटावा, फिरोजाबाद, एटा, हाथरस, मथुरा, कासगंज, आजमगढ़, मऊ, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर, अयोध्या, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, बाराबंकी, लखनऊ, हरदोई, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, अलीगढ़, बदायूं, बुलंदशहर, संभल, अमरोहा, मुरादाबाद, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और शामली सहित आसपास के क्षेत्रों में मौसम खराब रहने की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर (सीएसए) के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय बताया कि मानसूनी गतिविधियों के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में वातावरण में नमी बनी हुई है। इसके चलते स्थानीय स्तर पर गरज-चमक वाले बादल विकसित हो रहे हैं और कुछ क्षेत्रों में कम समय में तेज बौछारें पड़ सकती हैं। उन्होंने बताया कि प्रयागराज सहित आसपास के जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

डॉ. पांडेय ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़, बिजली के खंभे और जलाशयों के आसपास जाने से बचें। किसान भी बारिश और तेज हवा की स्थिति को देखते हुए कृषि कार्य सावधानी से करें।

मौसम विभाग के अनुसार चेतावनी वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक तथा कुछ क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल