home page

समाज के बीच जाकर राष्ट्र और संस्कृति के प्रति सकारात्मक चेतना का करना होगा प्रसार : गजेन्द्र

 | 
समाज के बीच जाकर राष्ट्र और संस्कृति के प्रति सकारात्मक चेतना का करना होगा प्रसार : गजेन्द्र


विश्व हिंदू परिषद का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर प्रयागराज में शुरू, काशी प्रांत के 22 जिलों से आए 200 से अधिक कार्यकर्ता ले रहे प्रशिक्षण

प्रयागराज, 01 जून (हि.स.)। कार्यकर्ताओं को समाज के बीच जाकर राष्ट्र और संस्कृति के प्रति सकारात्मक चेतना का प्रसार करना चाहिए तथा समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का कार्य करना चाहिए। यह बातें सोमवार को प्रयागराज में स्थित एलडीसी कॉलेज सोरांव परिसर में काशी प्रांत विश्व हिंदू परिषद के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के लखनऊ क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र ने कही।

विश्व हिंदू परिषद के लखनऊ क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र ने कहा कि समय-समय पर कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण आवश्यक है, जिससे उनके मानसिक, बौद्धिक और शारीरिक विकास के साथ संगठनात्मक क्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय संस्कृति, धार्मिक विरासत और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता, सेवा, संगठन और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए कार्यकर्ताओं को धैर्यवान, स्वावलंबी, ईमानदार और चरित्रवान बनकर कार्य करना चाहिए। साथ ही समाज को एकजुट रखने, संयुक्त परिवार व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। गजेंद्र ने कहा कि कार्यकर्ताओं को समाज के बीच जाकर राष्ट्र और संस्कृति के प्रति सकारात्मक चेतना का प्रसार करना चाहिए तथा समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने हिंदू समाज के समक्ष मौजूद चुनौतियों का उल्लेख करते हुए संगठनात्मक एकता और सामाजिक समरसता को समय की आवश्यकता बताया। उद्घाटन अवसर पर महंत यमुना पुरी जी ने अपने आशीर्वचन में शिविर की सफलता की कामना करते हुए कार्यकर्ताओं को धर्म, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान का जीवन समर्पण, शक्ति और सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण है, जिससे सभी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए।

विश्व हिंदू परिषद काशी प्रांत का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर रविवार से एलडीसी कॉलेज, शोरांव में प्रारंभ हो गया। शिविर में संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन कर रहे काशी प्रांत के 22 जिलों से आए 200 से अधिक कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं के वैचारिक, बौद्धिक, शारीरिक एवं संगठनात्मक विकास को सुदृढ़ करना है।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय सत्संग प्रमुख दिवाकर, प्रांत संगठन मंत्री नितिन, वर्ग प्रमुख एवं प्रांत मंत्री डॉ. राज नारायण, प्रांत उपाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, प्रांत सह मंत्री प्रभुतिकांत, प्रांत उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, बृजभूषण महेश सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दस दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में संगठन, सेवा, संस्कार, सामाजिक समरसता, राष्ट्र चिंतन, पर्यावरण संरक्षण तथा नेतृत्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल