प्रयागराज के वार्ड 48 उपचुनाव में सपा प्रत्याशी दीप प्रकाश सोनकर ने किया नामांकन
प्रयागराज, 16 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम के वार्ड संख्या 48 (अलोपीबाग) के उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी दीप प्रकाश सोनकर ने सोमवार को तहसील सदर पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में दीप प्रकाश सोनकर ने अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने “पीडीए” (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के संकल्प को जमीन पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सामान्य सीट पर उन्हें टिकट देकर पार्टी ने सामाजिक समरसता और प्रतिनिधित्व का संदेश दिया है।
सोनकर ने भरोसा दिलाया कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वे वार्ड के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करेंगे और क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहेंगे।
नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, विधायक संदीप पटेल, महासचिव रविंद्र यादव एडवोकेट, पूर्व मंत्री लोकेश सिंह, राकेश तिवारी, सत्ते सोनकर सहित कई पदाधिकारी और समर्थक शामिल रहे।
उपचुनाव को लेकर अब विभिन्न दलों के प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

