home page

जमीन पर कब्जा खाली कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप, प्रबुद्धवादी बहुजन मोर्चा ने डीएम से की शिकायत

 | 
जमीन पर कब्जा खाली कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप, प्रबुद्धवादी बहुजन मोर्चा ने डीएम से की शिकायत


न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद जबरन कब्जा हटाने की कोशिश का आरोप, मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग

प्रयागराज, 17 नवंबर (हि.स.)। कोरांव तहसील के खीरी गांव में जमीन के विवाद को लेकर प्रबुद्धवादी बहुजन मोर्चा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालाराम सरोज ने आरोप लगाया है कि न्यायालय के स्थगन आदेश के बावजूद कुछ लोग पुलिस और प्रशासन से मिलीभगत कर जमीन पर काबिज शारदा प्रसाद को जबरन बेदखल करने का दबाव बना रहे हैं।

जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि शारदा प्रसाद पुत्र प्यारे लाल निवासी ग्राम खीरी, थाना खीरी, जनपद प्रयागराज का गांव में स्थित गाटा संख्या 32, रकबा 0.1400 हेक्टेयर भूमि पर कब्जा है। इस भूमि के संबंध में न्यायालय की ओर से स्थगन आदेश भी पारित है। आरोप है कि इसके बावजूद राजबली केसरवानी, ओमप्रकाश केसरवानी और दीपक केसरवानी कथित रूप से एसडीएम कोरांव और पुलिस प्रशासन से मिलीभगत कर जमीन खाली कराने का प्रयास कर रहे हैं। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शारदा प्रसाद पर अपनी जमीन खाली करने के लिए प्रशासन की ओर से दबाव बनाया जा रहा है। इससे पीड़ित पक्ष को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है। ज्ञापन पर प्रबुद्धवादी बहुजन मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालाराम सरोज के हस्ताक्षर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल