home page

प्रयागराज के नैनी से मीरजापुर तक फोरलेन होगा मार्ग, जाम से मिलेगी राहत: उज्जवल रमण सिंह

 | 
प्रयागराज के नैनी से मीरजापुर तक फोरलेन होगा मार्ग, जाम से मिलेगी राहत: उज्जवल रमण सिंह


प्रयागराज, 25 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से मीरजापुर के बीच बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नेशनल हाईवे-35 के चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज होने जा रही है। प्रयागराज के सांसद उज्जवल रमण सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रयागराज-मीरजापुर मार्ग को 6-लेन करने की मांग रखी। यह जानकारी बुधवार को सांसद के मीडिया प्रभारी विनय कुशवाहा ने दी।

उन्होंने बताया कि सांसद ने मंत्री को दिए पत्र में बताया कि प्रयागराज से मीरजापुर के बीच यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है और दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। विशेष रूप से मुंगारी टोल प्लाजा पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु विंध्याचल धाम भी जाते हैं, जिससे यातायात और बढ़ जाता है।

सांसद ने यह भी कहा कि प्रस्तावित चित्रकूट-प्रयागराज-वाराणसी ग्रीनफील्ड एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेस-वे के निर्माण में अभी काफी समय लग सकता है, इसलिए जनता को तत्काल राहत देने के लिए मौजूदा नेशनल हाईवे-35 का चौड़ीकरण जरूरी है।

विनय कुशवाहा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए तत्काल राहत के रूप में नैनी से मीरजापुर तक सड़क को फोरलेन करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना की डीपीआर तीन माह में तैयार कर प्रस्तुत की जाएगी, जिसमें सांसद की भी राय ली जाएगी।

फोरलेन बनने से प्रयागराज से मीरजापुर के बीच जाम की समस्या कम होगी और यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल