पर्यटन का समावेशी विकास स्थानीय अर्थव्यवस्था को देगा मजबूती : अपराजिता सिंह
विश्व पर्यटन दिवस पर विरासतीय स्थलों की चित्रकला, छायाचित्र प्रदर्शनी और हेरिटेज वॉक का आयोजन
प्रयागराज, 27 सितंबर (हि.स.)। पर्यटन को रोजगार से जोड़ते हुए उसका समावेशी विकास करना जरूरी है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और प्रयागराज के पर्यटन को भी नई गति मिलेगी। पर्यटन नीति-2022 के तहत स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं और स्थानीय कलाकारों को भी अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह बातें क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी अपराजिता सिंह ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
प्रयागराज में रविवार को क्षेत्रीय पर्यटन कार्यालय, प्रयागराज और पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से सिविल लाइंस स्थित होटल राही इलावर्त में विश्व पर्यटन दिवस-2026 के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में हेरिटेज वॉक, विरासतीय स्थलों पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता, छायाचित्र प्रदर्शनी, ग्रामीण पर्यटन प्रस्तुतीकरण और सम्मान समारोह हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान ने किया। उन्होंने विरासतीय स्थलों पर आधारित चित्रों और चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान विरासतीय स्थलों से संबंधित अभिलेखों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
इसके बाद विश्व पर्यटन दिवस-2026 की थीम डिजिटल एजेंडा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ पर गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें पर्यटन के क्षेत्र में डिजिटल तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पर्यटन स्थलों की जानकारी देश-विदेश तक आसानी से पहुंचाई जा सकती है।
कार्यक्रम में पर्यटन नीति-2022 के तहत जनपद में स्टार श्रेणी में पंजीकृत पर्यटन इकाइयों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा युवा पर्यटन क्लब के विद्यार्थियों द्वारा विरासतीय स्थलों पर बनाई गई लाइव पेंटिंग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्थानीय नवोदित कलाकारों का भी सम्मान हुआ।
इस अवसर पर अनिल गुप्ता, चैम्बर ऑफ कॉमर्स ईस्टर्न यूपी के अध्यक्ष विनय टंडन, उद्योगपति एवं ओटीडी सेल व मंडलीय उद्योग बंधु के सदस्य जीएस दरबारी, आकाश गुप्ता (प्रयाग होटल), होटल एवं रेस्टोरेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह, श्रेय केसरवानी, वैभव मनी, संस्कृति विभाग के राकेश कुमार वर्मा, होटल इलावर्त के मुख्य व्यवस्थापक डीपी सिंह सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

