home page

भारत की पहचान और स्वाभिमान है तिरंगा : नंद गोपाल गुप्ता नंदी

 | 
भारत की पहचान और स्वाभिमान है तिरंगा : नंद गोपाल गुप्ता नंदी


भारत की पहचान और स्वाभिमान है तिरंगा : नंद गोपाल गुप्ता नंदी


नंदी बोले- हाथों में तिरंगा और मन में देशभक्ति का भाव राष्ट्र के प्रति दायित्वों की याद दिलाता है

प्रयागराज, 10 अगस्त (हि.स.)। तिरंगा भारत की पहचान, गौरव और स्वाभिमान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उससे पूरी दुनिया में तिरंगे का सम्मान और गौरव बढ़ा है। उक्त बातें सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान प्रयागराज में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहीं।

उन्होंने कहा कि हाथों में तिरंगा और मन में देशभक्ति का भाव लेकर निकली यात्रा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराती है। मंत्री नंदी ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को भी नमन किया गया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद रखते हुए प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान के लिए अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने लोगों से तिरंगे की आन, बान और शान को सदैव सर्वोपरि रखने तथा विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने की अपील की।

भारतीय जनता पार्टी की ओर से स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के चौक मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नखास कोहना से राम भवन चौराहे तक निकाली गई यात्रा में मंत्री नंदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और तिरंगा लहराकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। इस दौरान भारत माता के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता और समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक शामिल हुए। सभी ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यात्रा में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष अनिल कुमार केसरवानी (झल्लर), चौक मंडल अध्यक्ष सुमित वैश्य, यात्रा संयोजक बचपन गुप्ता, सह संयोजक अमित गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश विश्वकर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल