भारत की एकता, स्वाभिमान और राष्ट्रगौरव का प्रतीक है तिरंगा : नन्दी
हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहर दक्षिणी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश
प्रयागराज, 09 अगस्त (हि.स.)। तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, स्वाभिमान और राष्ट्रगौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा देश के प्रति समर्पण, सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना को और मजबूत करती है। यह बातें रविवार को प्रयागराज के शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित तिरंगा यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। मंत्री नन्दी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और देश की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का माध्यम है। वर्ष 2022 में शुरू हुआ यह अभियान अब देश के बड़े जनभागीदारी अभियानों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ भी मनाई जा रही है। ऐसे में इस वर्ष का हर घर तिरंगा अभियान विशेष महत्व रखता है। यह अभियान राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रीय गीत को देशभक्ति के उत्सव के रूप में एक साथ जोड़ने का अवसर प्रदान कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी के हर घर तिरंगा अभियान के तहत शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मिंटो पार्क से शुरू हुई यात्रा राम जानकी मंदिर और पंजाब नेशनल बैंक होते हुए कीडगंज पुलिस बूथ चौराहे तक पहुंची।
यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, मातृशक्ति, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर कदम से कदम मिलाकर चल रहे लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और राष्ट्रप्रेम से जुड़े नारे लगाए। लोगों ने अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संकल्प भी लिया।
यात्रा के दौरान बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों में भी तिरंगे को लेकर उत्साह दिखाई दिया। हाथों में लहराते तिरंगे और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत वातावरण ने यात्रा को भव्य रूप प्रदान किया। यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष अनिल कुमार केसरवानी (झल्लर), कीडगंज मंडल अध्यक्ष कबीर जायसवाल, कार्यक्रम संयोजक एवं मंडल महामंत्री सनी सोनकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र मिश्रा, प्रणविजय सिंह, उपेंद्र सिंह, पार्षद अनूप पासी, रिषभ टंडन, रविंद्र जायसवाल, गजेंद्र प्रताप सिंह, शलभ जायसवाल, देवेंद्र प्रताप सिंह सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

