home page

टीजीटी भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 28 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

 | 
टीजीटी भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 28 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन


आवेदन में संशोधन का अवसर भी 30 नवंबर तक बढ़ा, 23 और 24 दिसंबर को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी लिखित परीक्षा

प्रयागराज, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रशिक्षित स्नातक सहायक अध्यापक (टीजीटी) भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने राहत दी है। आयोग ने आवेदन की अंतिम तिथि 23 नवंबर से बढ़ाकर 28 नवंबर 2026 कर दी है। अभ्यर्थी अब 28 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। वहीं, आवेदन में संशोधन करने का अवसर 30 नवंबर तक मिलेगा। यह जानकारी शनिवार को आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय में आशुतोष मिश्र व 156 अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य मामले में 20 नवंबर 2026 को पारित अंतरिम आदेश के अनुपालन में आयोग ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है।

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि विज्ञापन संख्या 07/2026 का प्रकाशन 23 अक्टूबर को किया गया था। इसके तहत ऑनलाइन पंजीकरण (ओटीआर) और आवेदन की प्रक्रिया 24 अक्टूबर से शुरू हुई थी। पहले आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 नवंबर निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 28 नवंबर कर दिया गया है। इसी तरह आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी गई है।

अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि आवेदन की तिथि बढ़ने के बावजूद लिखित परीक्षा के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। टीजीटी भर्ती की लिखित परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 और 24 दिसंबर 2026 को ही आयोजित होगी।

उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे विस्तृत विज्ञापन का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर अपनी योग्यता के अनुसार निर्धारित समय सीमा में आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। भर्ती से संबंधित अन्य सभी नियम और शर्तें पहले की तरह लागू रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल