home page

पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के पांच घायल एसआरएन पहुंचे, चार की हालत अत्यंत गंभीर

 | 
पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के पांच घायल एसआरएन पहुंचे, चार की हालत अत्यंत गंभीर


पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के पांच घायल एसआरएन पहुंचे, चार की हालत अत्यंत गंभीर


प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा ने संभाली उपचार की कमान, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शुरू किया इलाज

प्रयागराज, 31 अगस्त (हि.स.)। प्रयागराज-कौशांबी सीमा क्षेत्र में सोमवार को पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट के बाद पांच घायलों को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। इनमें चार की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। घायलों के अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की टीम सक्रिय हो गई और बिना समय गंवाए जांच, प्राथमिक उपचार तथा आवश्यक चिकित्सा शुरू कर दी गई।

मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा स्वयं ट्रामा सेंटर पहुंचे और उपचार व्यवस्था की कमान संभाली। अस्थि रोग विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. वर्मा ने घायलों का स्वयं परीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों की टीम के साथ घायलों की ड्रेसिंग और आवश्यक उपचार में भी सक्रिय भूमिका निभाई।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने संभाला मोर्चा

गंभीर रूप से घायल मरीजों के उपचार के लिए ट्रामा, शल्य चिकित्सा और गहन चिकित्सा विभाग की टीम को तत्काल सक्रिय किया गया। गहन चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. अनिल सिंह, ट्रामा सेंटर प्रभारी डॉ. राजकुमार चौधरी, शल्य चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. वैभव श्रीवास्तव और डॉ. सूर्यभान कुशवाहा समेत विभिन्न विभागों के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों ने घायलों की स्थिति का आकलन कर आवश्यक उपचार शुरू किया।

चार अत्यंत गंभीर घायलों को विशेष निगरानी में रखा गया है। उनकी स्थिति के अनुसार उन्हें ट्रामा और गहन चिकित्सा की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. ए.के. वर्मा ने संबंधित चिकित्सकीय टीमों को घायलों की लगातार निगरानी करने और उपचार में किसी भी स्तर पर देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल प्रशासन गंभीर घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल