home page

एसआरएन में एच 1 एन 1 संक्रमित महिला भर्ती, हालत गंभीर

 | 
एसआरएन में एच 1 एन 1 संक्रमित महिला भर्ती, हालत गंभीर


सात दिन से बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी के बाद निजी अस्पताल में हुई थी जांच; बीआईपीएपी सपोर्ट पर चल रहा उपचार

प्रयागराज, 29 अगस्त (हि.स.)। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) के स्वाइन फ्लू पृथक वार्ड में एच-1 एन-1 संक्रमित 50 वर्षीय महिला को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। महिला सराय इनायत क्षेत्र की रहने वाली हैं और मधुमेह से भी पीड़ित हैं। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रही है। यह जानकारी शनिवार को मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सह आचार्य डॉ संतोष सिंह ने दी।

परिजनों के अनुसार महिला को करीब सात दिन से बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी थी। तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां जांच में एच 1 एन 1 संक्रमण की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।

एसआरएन पहुंचने के बाद महिला को स्वाइन फ्लू के लिए निर्धारित पृथक वार्ड में भर्ती किया गया। सांस लेने में परेशानी को देखते हुए उन्हें बीआईपीएपी सपोर्ट पर रखा गया है। मेडिसिन विभाग की टीम उनके उपचार और स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार एच 1 एन 1 संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए पृथक वार्ड में आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। यहां ऑक्सीजन, बीआईपीएपी और वेंटिलेटर जैसी सुविधाएं तैयार रखी गई हैं।

चिकित्सकों ने लोगों को बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी है। मधुमेह समेत अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को ऐसे लक्षण दिखाई देने पर विशेष सावधानी बरतने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल