भक्तों को दर्शन देने निकले श्रीराम भक्त हनुमान, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर
प्रयाग उत्थान समिति की भव्य हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ फिल्म 'हनुमान अंश' के कलाकारों का जगह-जगह हुआ स्वागत
प्रयागराज, 07 नवंबर (हि.स.)। श्रीराम भक्त हनुमान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा। प्रयाग उत्थान समिति की ओर से शनिवार को आयोजित भव्य हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा में भक्तों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। शोभायात्रा में फिल्म 'हनुमान अंश' के कलाकारों को देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी। समिति के प्रवक्ता राजेश केसरवानी ने बताया कि शोभायात्रा का जगह-जगह आरती और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इसका उद्देश्य भगवान हनुमान के प्रति श्रद्धा और भक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
समिति के अध्यक्ष डॉ. उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ पथरचट्टी रामलीला कमेटी के प्रांगण में हुआ। महापौर गणेश केसरवानी, डॉ. उदय प्रताप सिंह, धर्मेंद्र कुमार भैया जी, अभिषेक ठाकुर, राजेश केसरवानी और कुमार नारायण ने हनुमान जी महाराज की महाआरती कर यात्रा का शुभारंभ किया।
शोभायात्रा की अगुवाई फिल्म 'हनुमान अंश' के कलाकार शोभिनव सत्या, पूर्णिमा तिवारी, गौरव किशोर शर्मा, अनन्या सिंह और गौरव त्रिपाठी ने अपनी टीम के साथ की। यात्रा में भगवान हनुमान की दिव्य झांकी के साथ हनुमान जी की पीठ, डीजे, बैंड, पाइप बैंड, ध्वज-पताकाएं तथा भगवान गणेश, भगवान शिव, मां दुर्गा और भगवान कार्तिकेय सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं।
शोभायात्रा पथरचट्टी रामलीला कमेटी रामबाग से शुरू होकर कोठा पारचा, रामभवन चौराहा, बहादुरगंज चौराहा, मानसरोवर, मोती महल, हीवेट रोड और जॉनसनगंज होते हुए निरंजन रेलवे पुल से हनुमत निकेतन स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में श्रद्धालुओं ने कलाकारों के दर्शन किए और आरती उतारकर पुष्पवर्षा के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु
शोभायात्रा के समापन के बाद हनुमत निकेतन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अनन्या सिंह की टीम के गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' भजन की धुन पर श्रद्धालु झूम उठे। इसके बाद मंदिर में विधि-विधान से हनुमान जी का पूजन और आरती की गई तथा भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
शोभायात्रा के संयोजक धर्मेंद्र कुमार भैया और सांस्कृतिक कार्यक्रम के संयोजक निवेश मित्तल रहे। कार्यक्रम का संचालन समिति के महामंत्री अभिषेक ठाकुर और राजेश केसरवानी ने किया।
इस अवसर पर विनय प्रताप सिंह, पार्षद रुद्रसेन जायसवाल, निखिल पांडेय, आलोक केसरवानी, शिवम अग्रहरि, सतीश केसरवानी, रजत सोनकर, अजय अग्रहरि, गोपाल केसरवानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

