श्री जगन्नाथ जी महोत्सव समिति ने धूमधाम से मनाया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
भगवान जगन्नाथ जी का भव्य श्रृंगार, भजन-कीर्तन और सजी मनमोहक झांकी
प्रयागराज, 04 सितंबर (हि.स.)। श्री जगन्नाथ जी महोत्सव समिति ट्रस्ट की ओर से काशी राज नगर, कटघर स्थित प्रयागेश्वर जगन्नाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित मनमोहक झांकी सजाई गई। भक्तों ने भजन-कीर्तन कर भगवान श्रीकृष्ण का गुणगान किया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्ता और मंत्री गगन दास गुप्ता ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव संपन्न कराया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण का दूध, दही, शहद, फल-फूल, तुलसी दल और गंगाजल से अभिषेक किया गया। भगवान को मक्खन, रबड़ी, मलाई, मिश्री, पंचामृत, सिंघाड़े की पंजीरी और फलों का भोग लगाया गया।
जन्मोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए और भजन-कीर्तन में भाग लिया। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ जी का भी भव्य श्रृंगार किया गया। विधि-विधान से आरती और पूजन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में राजेश केसरवानी, दाऊ दयाल गुप्ता, अमर रस्तोगी, तिरलोकी केसरवानी, कन्हैया लाल गुप्ता, संजय गुप्ता, पप्पू कलश, शशिकांत जायसवाल, हैप्पी कसेरा, पूनम गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने भगवान जगन्नाथ जी और भगवान श्रीकृष्ण की आरती-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

