एआई निगरानी में शुचितापूर्ण संपन्न हुई स्पेशल टीईटी-2026, 87.92 प्रतिशत अभ्यर्थी हुए शामिल
योगी सरकार की नकलविहीन परीक्षा की मुहिम को तकनीक से मिली मजबूती, लखनऊ में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहा फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया
प्रयागराज, 03 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी)-2026 मंगलवार को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 87.92 प्रतिशत शामिल हुए। पहली बार आयोग मुख्यालय में स्थापित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कंट्रोल कमांड रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की गई। इसी व्यवस्था की मदद से लखनऊ में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा एक फर्जी परीक्षार्थी भी पकड़ा गया। यह जानकारी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत परीक्षा प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली में कक्षा एक से पांच तक के लिए सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली में कक्षा छह से आठ तक के लिए दोपहर 2:30 से शाम पांच बजे तक परीक्षा हुई। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर परीक्षा निष्पक्षता, पारदर्शिता और पूरी शुचिता के साथ संपन्न हुई।
एआई कैमरों से हुई निगरानी, फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया
परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग मुख्यालय में एआई आधारित कंट्रोल कमांड रूम बनाया गया था। यहां से सभी केंद्रों पर लगे कैमरों के माध्यम से लगातार नजर रखी गई। आयोग के सदस्यों, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और उपसचिव की मौजूदगी में विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से परीक्षार्थियों की गतिविधियों की निगरानी की गई। इस दौरान लखनऊ के स्टेशन रोड स्थित बप्पा श्री नारायण वोकेशनल इंटर कॉलेज में एक व्यक्ति दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया। उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
दोनों पालियों में 93,681 अभ्यर्थी शामिल
आयोग के उप सचिव संजय सिंह ने बताया कि दोनों पालियों में कुल 1,06,547 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 93,681 ने परीक्षा दी। पहली पाली में कक्षा एक से पांच तक के लिए पंजीकृत 58,353 अभ्यर्थियों में से 50,666 उपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति 86.80 प्रतिशत रही। दूसरी पाली में कक्षा छह से आठ तक के लिए पंजीकृत 48,194 अभ्यर्थियों में से 43,015 ने परीक्षा दी। इसमें उपस्थिति 89.25 प्रतिशत दर्ज की गई। महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 89.25 प्रतिशत और पुरुष अभ्यर्थियों की 89.28 प्रतिशत रही।
प्रशासन और पुलिस के सहयोग के लिए जताया आभार
आयोग अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रदेश के सभी निर्धारित केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

