home page

सपा ने निकाला वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा की उठी मांग

 | 
सपा ने निकाला वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा की उठी मांग


सपा ने निकाला वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा की उठी मांग


डॉ. आंबेडकर और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद निकला मार्च, अनुच्छेद 326 का पाठ और राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन

प्रयागराज, 08 अक्टूबर (हि.स.)। संविधान में दिए गए मतदान के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर आवाज उठा रहे हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ मार्च निकाला। इस दौरान ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ और अन्य नारे लगाए गए। यह जानकारी समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता दान बहादुर मधुर ने दी।

उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के जिला और महानगर संगठन की ओर से आयोजित मार्च में जिले की विभिन्न विधानसभाओं से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। दोपहर 12 बजे पार्टी के जिला कार्यालय से मार्च शुरू हुआ। कार्यकर्ता हाथों में बैनर, नारे लिखी तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर निकले। पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, महिला सभा और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए मार्च किया।

मार्च शुरू करने से पहले पार्टी कार्यालय परिसर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद कार्यकर्ता बालसन चौराहे पहुंचे। वहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। प्रतिमा के समीप कार्यकर्ताओं ने संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ किया।

इसके बाद कार्यकर्ता मार्च करते हुए जिला कचहरी पहुंचे। यहां राष्ट्रगान के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। इस दौरान पार्क के सामने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा के कथित काले कारनामों के प्रतीक के रूप में हांडी फोड़कर भी विरोध दर्ज कराया।

सपा नेताओं ने कहा कि निर्वाचन व्यवस्था में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग के कथित संस्थागत कब्जे के विरोध तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग उठाई।

मार्च में जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, यमुनापार महासचिव इंजी. जगदीश यादव, विधायक विजमा यादव, संदीप पटेल, गीता शास्त्री, हाकिम लाल बिंद, पूर्व विधायक हाजी परवेज अहमद, सत्यवीर मुन्ना, लल्लन राय, रविंद्र यादव, पंधारी यादव, संदीप यादव, निधि यादव, कमल सिंह, वकार अहमद, राम मिलन यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल