home page

प्रयागराज में नवरात्र पर चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा, 357 स्थानों पर स्थापित होंगी दुर्गा प्रतिमाएं

 | 
प्रयागराज में नवरात्र पर चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा, 357 स्थानों पर स्थापित होंगी दुर्गा प्रतिमाएं


मंदिरों और रामलीला स्थलों पर पुलिस, पीएसी और महिला कर्मियों की तैनाती, सीसीटीवी व ड्रोन से होगी निगरानी

प्रयागराज, 09 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। शहर में 357 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। प्रमुख देवी मंदिरों, रामलीला स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाएगी। पुलिसकर्मी तैनात करने के साथ सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और सोशल मीडिया के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। मां आलोप शंकरी, ललिता देवी और कल्याणी देवी मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए इन मंदिरों के आसपास सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

रामलीला स्थलों पर भी रहेगी विशेष निगरानी

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि कटरा रामलीला, सिविल लाइंस रामलीला और पथरचट्टी रामलीला मैदान सहित प्रमुख आयोजनों के स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। इसके लिए पुलिस बल के साथ एक कंपनी पीएसी और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

सागर जैन ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भ्रामक सूचना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे धार्मिक आयोजनों में पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का उद्देश्य नवरात्र के दौरान सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल