home page

सतीश चंद्र श्रीवास्तव के परिवार को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये की सहायता दे सरकार : सीतेश रमन

 | 
सतीश चंद्र श्रीवास्तव के परिवार को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये की सहायता दे सरकार : सीतेश रमन


चित्रांश समाज ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का दिया भरोसा, आरोपियों को सजा दिलाने के लिए तेज सुनवाई की मांग

प्रयागराज, 22 अक्टूबर (हि.स.)। चर्चित अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव की हत्या से चित्रांश (कायस्थ) समाज मर्माहत है। चित्रांश समाज के संयोजक सीतेश रमन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए। जब तक अपराधियों को त्वरित सुनवाई के माध्यम से सजा नहीं मिल जाती, तब तक समाज न्याय की लड़ाई लड़ता रहेगा।

सीतेश रमन अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव के आवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरा समाज दुखी है। पीड़ित परिवार भय के माहौल में जी रहा है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि परिवार को सुरक्षा प्रदान करने के साथ उसकी आर्थिक मदद भी करे, ताकि परिजनों को कठिन समय में सहारा मिल सके।

कायस्थ समाज की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की मांग

सीतेश रमन ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को कायस्थ समाज की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। किसी भी व्यक्ति पर हमला समाज के लिए चिंता का विषय है और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि चित्रांश समाज पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और न्याय मिलने तक उसका साथ देता रहेगा।

उन्होंने मांग की कि मामले की सुनवाई तेजी से कराई जाए, ताकि दोषियों को जल्द सजा मिल सके। इस दौरान शांतनु सिन्हा, नवीन श्रीवास्तव, पूजा रानी और अजय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल