home page

सफाई मित्रों का सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता : महापौर गणेश

 | 
सफाई मित्रों का सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता : महापौर गणेश


सफाई मित्रों का सम्मान और आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता : महापौर गणेश


मानदेय में वृद्धि पर सफाई मित्रों ने गणेश केसरवानी का किया अभिनंदन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति जताया आभार

प्रयागराज, 03 नवंबर (हि.स.)। सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उनके परिश्रम और योगदान से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प पूरा होता है। उनका सम्मान, हितों का संरक्षण और आर्थिक सशक्तीकरण हमारी प्राथमिकता है। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने मंगलवार को कीडगंज स्थित अपने शिविर कार्यालय में सफाई मित्रों और सफाई नायकों के अभिनंदन के दौरान कहीं।

दीपावली पर प्रदेश सरकार की ओर से आउटसोर्सिंग कर्मियों के मानदेय में वृद्धि किए जाने के निर्णय से उत्साहित सफाई मित्रों और सफाई नायकों ने महापौर को पुष्पगुच्छ भेंटकर और मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति भी आभार जताया।

महापौर ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय कर्मठ और समर्पित कर्मचारियों के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मानदेय में वृद्धि से प्रदेश के लाखों आउटसोर्सिंग कर्मियों और उनके परिवारों को राहत मिलेगी। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हित और सम्मान के लिए कार्य कर रही है।

महापौर ने कहा कि सफाई मित्रों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे। उनके जीवन में खुशहाली लाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता है।

इस अवसर पर सफाई यूनियन के अध्यक्ष प्रदीप और उनकी टीम के साथ मुकेश लारा, पार्षद रुद्र सेन जायसवाल, विवेक अग्रवाल, राजू पाठक, गिरजेश मिश्रा और संस्कार सिन्हा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल