home page

साइबर अपराधियों से पीड़ित के खाते में वापस कराए एक लाख सैंतालीस हजार रुपए

 | 
साइबर अपराधियों से पीड़ित के खाते में वापस कराए एक लाख सैंतालीस हजार रुपए


प्रयागराज, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित उतरांव थाने की पुलिस टीम ने साइबर फ्रॉड के शिकार एक व्यक्ति के खाते से निकाली गई 1,47,000 रुपये की धनराशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।

उन्होंने बताया कि उतरांव थाना क्षेत्र के ग्राम सराय इस्माइल (सदरेपुर) निवासी रामचंद्र मिश्र ने अपने खाते से धोखाधड़ी कर धनराशि कटने की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कराई थी। शिकायत संख्या 23103260049192 पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संबंधित धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद गुरुवार को पूरी रकम 1,47,000 रुपये आवेदक के खाते में वापस करा दी गई।

उल्लेखनीय है कि, 21 जनवरी 2026 को साइबर ठगों ने रामचंद्र मिश्र के खाते से ऑनलाइन फ्रॉड के जरिए उक्त धनराशि निकाल ली थी। धनराशि वापस मिलने पर आवेदक एवं उनके परिजनों ने कमिश्नरेट पुलिस व थाना उतरांव पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

डीसीपी कुलदीप सिंह ने कहा कि साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को राहत पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता पर किया जा रहा है। नागरिकों से अपील है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल