रेलवे क्रासिंग बैरहना में 8.30 करोड़ की लागत से बनेगा अंडरपास, यातायात ढांचे को मिलेगी नई मजबूती : गणेश केसरवानी
मालकराज रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास का भूमि पूजन,बैहराना–इंद्रपुरी को मिलेगा सीधा संपर्क
प्रयागराज, 30 मई (हि.स.)। शहरी विकास और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मालकराज रेलवे क्रॉसिंग पर बनने वाले अंडरपास का शनिवार को भूमि पूजन किया गया। करीब 8.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अंडरपास बहराना और इंद्रपुरी कॉलोनी को सीधे मालकराज क्षेत्र से जोड़ेगा, जिससे हजारों नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में महापौर गणेश केसरवानी, शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेई और क्षेत्रीय पार्षद आकाश सोनकर ‘बबलू’ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज शहर को आधुनिक, सुगम और बेहतर बुनियादी सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाला, प्रकाश व्यवस्था और यातायात सुधार से जुड़ी कई विकास परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं और मालकराज अंडरपास भी उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
उन्होंने कहा कि रेलवे फाटक बंद होने के दौरान लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे जाम और समय की बर्बादी जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। अंडरपास बनने के बाद नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा।
विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी। वहीं पार्षद आकाश सोनकर ‘बबलू’ ने कहा कि अंडरपास के निर्माण से स्थानीय विकास को नई गति मिलेगी और नागरिकों का दैनिक जीवन अधिक सुविधाजनक बनेगा।
इस परियोजना से न केवल यातायात सुचारु होगा, बल्कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी तेज और सुरक्षित हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।
कार्यक्रम में अमर सिंह, मृत्युंजय तिवारी, सनी सोनकर, शिवेंद्र मिश्रा, हिमालय सोनकर, सीमा सागर, मंजू देवी, मीनू पाण्डेय, आशीष गौतम, विनय मिश्रा, राधिका, मिथुन सोनकर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, रेलवे एवं नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
शहर के बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए मालकराज अंडरपास परियोजना को एक दूरदर्शी कदम माना जा रहा है, जो प्रयागराज को अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

