खेल से युवाओं को मिलती है सकारात्मक दिशा : गणेश केसरवानी
प्रयागराज, 29 मार्च (हि.स.)। ऐसे खेल आयोजनों से युवाओं में खेल भावना विकसित होती है और उन्हें सकारात्मक दिशा मिलती है। यह बात रविवार को महापौर कप कैनवास बाल क्रिकेट टूर्नामेंट अंतर्गत परेड ग्राउंड में आयोजित कैनवास बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट कार्यक्रम में विजेता टीम को बधाई देते हुए महापौर गणेश केसरवानी ने कही। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।
महापौर कप कैनवास बाल क्रिकेट टूर्नामेंट अंतर्गत परेड ग्राउंड में आयोजित कैनवास बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल मैच आराध्या स्पोर्टिंग क्लब झूसी और अलोपीबाग स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अलोपीबाग स्पोर्टिंग क्लब ने सधी हुई बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 105 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने शुरुआत से संयमित खेल दिखाया और अंतिम ओवरों में तेज रन गति से स्कोर को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आराध्या स्पोर्टिंग क्लब झूसी की टीम ने जीत के लिए प्रयास किया,लेकिन अलोपीबाग स्पोर्टिंग क्लब के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए विपक्षी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। परिणामस्वरूप आराध्या स्पोर्टिंग क्लब की पूरी टीम 80 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह अलोपीबाग स्पोर्टिंग क्लब ने 25 रन से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
समापन समारोह में विजेता टीम अलोपीबाग स्पोर्टिंग क्लब को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता टीम आराध्या स्पोर्टिंग क्लब झूसी के खिलाड़ियों को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। आयोजन के सफल संचालन पर खिलाड़ियों, आयोजकों एवं सहयोगियों को बधाई दी गई।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

