home page

जलभराव से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन, सपा ने दी आंदोलन की चेतावनी

 | 
जलभराव से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन, सपा ने दी आंदोलन की चेतावनी


मुंडेरा, मीरा पट्टी, हरवारा और गौस नगर के लोगों ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

प्रयागराज, 17 अगस्त (हि.स.)। शहर में तेज बारिश के बाद जलभराव की समस्या से परेशान मुंडेरा, मीरा पट्टी, हरवारा, गौस नगर और करेली समेत कई मोहल्लों के सैकड़ों लोगों ने सोमवार को पत्थर गिरजाघर स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। लोगों ने जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन में महिलाओं और बच्चों की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

प्रदर्शन का नेतृत्व सपा के स्थानीय नेताओं मयंक यादव जोंटी, तारिक सईद अज्जू, प्रमोद यादव उर्फ बच्चा, लाल चंद्र कुशवाहा और विनय यादव ने किया। प्रभावित लोगों ने बताया कि रविवार रात हुई तेज बारिश के बाद कई घरों में पानी भर गया। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और गलियों में जमा हो गया। आरोप है कि कई स्थानों पर सीवर का पानी भी घरों में वापस पहुंच गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन के बाद नगर आयुक्त को संबोधित ज्ञापन जोनल प्रभारी सौरभ यादव को सौंपा गया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

धरना स्थल पर मौजूद सपा महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, अमरनाथ मौर्य और रविन्द्र यादव एडवोकेट ने नगर की जलनिकासी व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जाने के बावजूद शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत नहीं मिल सकी है।

सपा नेताओं ने कहा कि बारिश के दौरान हर वर्ष शहर के कई मोहल्लों में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने नगर निगम से जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत कार्य कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो सपा कार्यकर्ता प्रभावित लोगों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।

इस दौरान सपा प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, वजीर खां, दिलीप उर्फ बबलू सोनी, जीत राज हेला, सचिन श्रीवास्तव, सऊद अहमद, मो. हामिद, एसपी पाण्डेय, सौरभ रामा, शिव यादव, जय भारत एडवोकेट समेत बड़ी संख्या में प्रभावित शहरवासी

मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल