डबल इंजन की सरकार की पहली प्राथमिकता है विकास : मंत्री नन्दी
प्रयागराज, 30 जुलाई (हि.स.)। डबल इंजन की सरकार की पहली प्राथमिकता विकास है और शहर के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। यह बातें गुरुवार को चौक मंडल क्षेत्र में 73.78 लाख रुपये की लागत से कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित करने के बाद उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहीं।
मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी के साथ चौक मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में निर्मित विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खलीफा मंडी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर में कराए गए सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सुंदरीकरण के लिए मंत्री नन्दी का आभार व्यक्त किया।
मंत्री नन्दी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक मोहल्ले तक बेहतर सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
लोकार्पित विकास कार्यों में खलीफा मंडी स्थित शिव मंदिर के पास 20.29 लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक चबूतरा एवं सुंदरीकरण, रसूलपुर कपारिया बस्ती में 14.14 लाख रुपये से सड़क एवं नाली निर्माण, शास्त्रीनगर कपारिया बस्ती में 11.14 लाख रुपये से सीसी रोड एवं नाली निर्माण, 6.04 लाख रुपये से सीसी रोड एवं नाली निर्माण, 13.73 लाख रुपये से सीसी रोड एवं नाली निर्माण तथा रसूलपुर कपारिया बस्ती में 8.32 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर उपाध्यक्ष अनिल केसरवानी, चौक मंडल अध्यक्ष सुमित वैश्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश विश्वकर्मा, योगेश चौरसिया, विनय वर्मा, अमित गुप्ता, शुभम केसरवानी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

