अवैध प्लाटिंग पर पीडीए की कार्रवाई, करीब चार हजार वर्गमीटर भूमि कराई मुक्त
विष्णुपुरी कॉलोनी और गौशाला के पास बिना अनुमति विकसित की जा रही प्लाटिंग ध्वस्त, अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश
प्रयागराज, 29 सितंबर (हि.स.)। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने अवैध प्लाटिंग और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को जोन-1 के जोनल अधिकारी गणेश कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब चार हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग और निर्माण को ध्वस्त कराया। प्राधिकरण की कार्रवाई से अवैध रूप से प्लाटिंग करने वालों में खलबली मची रही।
पहली कार्रवाई विष्णुपुरी कॉलोनी, ग्यासुद्दीनपुर स्थित जीटी रोड प्रयागराज पर की गई। यहां जौद खालिद पुत्र अब्दुल खालिद द्वारा करीब 3000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना अनुमति स्ट्रक्चर का निर्माण कराया जा रहा था। पीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
इसी क्रम में परमपुरती क्षेत्र में गौशाला के पास मरियाडीह-रसूलपुर मार्ग पर विजय कुमार, आतिफ, मुल्ला, आकिब, अब्दु हाफिज व अन्य द्वारा करीब एक बीघा क्षेत्रफल में की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर विकसित की गई प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया।
अवैध निर्माण पर लगातार होगी कार्रवाई
पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए जा रहे निर्माण और अवैध प्लाटिंग को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्य निर्धारित नियमों और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही किए जाने चाहिए। अवैध निर्माण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी भूखंड की खरीद से पहले उसके स्वामित्व, भू-उपयोग और पीडीए से मानचित्र स्वीकृति की स्थिति की जांच अवश्य कर लें। अवैध कॉलोनी, मेला क्षेत्र और बाढ़ क्षेत्र (एचएफएल) में भूखंडों की खरीद-बिक्री से बचें।
प्राधिकरण की ओर से निर्माणकर्ताओं और विकासकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि पीडीए क्षेत्र के अंतर्गत स्वीकृत तलपट मानचित्र के आधार पर ही विकास कार्य कराएं। कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी के अलावा अवर अभियंता ईशान कुमार, सुपरवाइजर तथा पीडीए प्रवर्तन टीम मौजूद रही।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

