home page

युवा यूनिट लीडरों ने संभाली आयोजन की कमान, डांडिया से निखारी नेतृत्व क्षमता

 | 
युवा यूनिट लीडरों ने संभाली आयोजन की कमान, डांडिया से निखारी नेतृत्व क्षमता


युवा यूनिट लीडरों ने संभाली आयोजन की कमान, डांडिया से निखारी नेतृत्व क्षमता


सूबेदारगंज में नवरात्र पर एकीकरण एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम का आयोजन, बच्चों ने दीं मनमोहक प्रस्तुतियां

प्रयागराज, 19 अक्टूबर (हि.स.)। बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की सूबेदारगंज स्टेशन यूनिट की ओर से नवरात्र के अवसर पर डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। सूबेदारगंज स्थित भारत स्काउट एवं गाइड राज्य प्रशिक्षण केंद्र के प्रांगण में आयोजित एकीकरण एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसकी तैयारियों से लेकर व्यवस्थाओं तक की पूरी जिम्मेदारी युवा यूनिट लीडरों ने स्वयं संभाली।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आशीष अग्रवाल, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, सूबेदारगंज एवं राज्य आयुक्त-कब तथा श्रीमती रचना अग्रवाल, राज्य आयुक्त-बुलबुल ने मां दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण, पूजन और आरती करके किया। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।

फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता ने मोहा मन

कार्यक्रम में स्काउट्स एवं गाइड्स के पंजीकृत बच्चों, उनके अभिभावकों, रेलवे अधिकारियों और आसपास की रेलवे कॉलोनियों में रहने वाले रेलकर्मियों के परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में तीन वर्ष के कब-बुलबुल बच्चों से लेकर अतिथियों तक ने रैंप वॉक कर सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने डांडिया की धुन पर एकल और समूह नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में बच्चों, अभिभावकों, यूनिट लीडरों और अतिथियों ने एक साथ डांडिया खेला। देर रात तक पूरा परिसर संगीत और उत्साह से सराबोर रहा। आयोजन में प्रसाद की भी व्यवस्था की गई। अभिभावकों को चना-हलवा और अष्टमी का व्रत रखने वाले सदस्यों को फलाहार वितरित किया गया। पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं भी युवा लीडरों ने आपसी सहयोग से संभालीं।

अधिकारियों ने बढ़ाया युवाओं का उत्साह

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि सहायक जिला आयुक्त-स्काउट, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल अंकुर चक्रवर्ती सपरिवार उपस्थित रहे। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर मध्य रेलवे की उपाध्यक्ष आयुषी भटनागर ने भी समारोह में भाग लिया। राज्य मुख्यालय से राज्य संगठन आयुक्त-स्काउट रविकांत शर्मा, राज्य संगठन आयुक्त-गाइड मंजू जोशी और सहायक राज्य संगठन आयुक्त-स्काउट पंकज राज कनौजिया सहित जिला संगठन आयुक्त-गाइड लिपिका गोस्वामी एवं शिशुपाल यादव ने सपरिवार पहुंचकर युवा लीडरों का उत्साहवर्धन किया।

अधिकारियों ने ऐसे आयोजनों के माध्यम से रेलवे कर्मचारियों के बच्चों को संस्था से जोड़ने और उनमें सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में युवा यूनिट लीडरों के अनुशासन, जिम्मेदारी और टीम भावना की सराहना की गई।

कार्यक्रम की मुख्य संचालक पूजा शर्मा रहीं। व्यवस्थापन की जिम्मेदारी प्रियांशु और आकाश यादव ने संभाली। सजावट, प्रसाद निर्माण एवं वितरण में सारिका सिंह, पूजा रानी, सोनम, ऋतु सिंह, अंकिता शर्मा, शुभम सिंह, ललित सिंह, प्रीत सिंह, अभिषेक सिंह, संस्कार और गौरव ने योगदान दिया। मंच संचालन सोनाली शर्मा और मुस्कान ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल