प्रयागराज-हुब्बल्ली विशेष ट्रेन का बदला मार्ग
03, 06 और 10 अक्टूबर को कई स्टेशनों पर नहीं होगा ठहराव, यात्रियों को होगी सुविधा के लिए 139 से जानकारी लेने की सलाह
प्रयागराज, 21 सितंबर (हि.स.)। दक्षिण पश्चिम रेलवे के टुमकूर-दावणगेरे रेलखंड में नई रेल लाइन से संबंधित कार्य के चलते टोलाहुंसे यार्ड में गैर-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इसके कारण प्रयागराज और एसएसएस हुब्बल्ली के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।
गाड़ी संख्या 04113 प्रयागराज-एसएसएस हुब्बल्ली विशेष ट्रेन का संचालन 3 और 10 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। यह ट्रेन निर्धारित मार्ग के बजाय डोन, गूटी, गुंतकल और बल्लारी होते हुए एसएसएस हुब्बल्ली पहुंचेगी। मार्ग परिवर्तन के कारण इस ट्रेन का अनंतपुर, धर्मावरम, हिंदूपुर, येलहंका, तुमकुरु, अरसीकेरे, दावणगेरे और हरिहर स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।
इसी तरह गाड़ी संख्या 04114 एसएसएस हुब्बल्ली-प्रयागराज विशेष ट्रेन का संचालन 6 अक्टूबर को परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। यह ट्रेन एसएसएस हुब्बल्ली से बल्लारी, गुंतकल, गूटी और डोन होते हुए प्रयागराज आएगी। इस दौरान हरिहर, दावणगेरे, अरसीकेरे, तुमकुरु, येलहंका, हिंदूपुर, धर्मावरम और अनंतपुर स्टेशनों पर ट्रेन नहीं रुकेगी।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि दक्षिण पश्चिम रेलवे में चल रहे गैर-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण इन ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया गया है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें यात्रा से पहले ट्रेन के मार्ग और ठहराव की नवीनतम जानकारी अवश्य प्राप्त कर लेनी चाहिए। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या एनटीईएस (NTES) ऐप का उपयोग किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

