home page

राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तर मध्य रेलवे के 11 खिलाड़ी और प्रशिक्षक सम्मानित

 | 
राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तर मध्य रेलवे के 11 खिलाड़ी और प्रशिक्षक सम्मानित


राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तर मध्य रेलवे के 11 खिलाड़ी और प्रशिक्षक सम्मानित


राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तर मध्य रेलवे के 11 खिलाड़ी और प्रशिक्षक सम्मानित


राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्तर मध्य रेलवे के 11 खिलाड़ी और प्रशिक्षक सम्मानित


महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा- खिलाड़ियों का प्रदर्शन सभी के लिए उत्साह और प्रेरणा का स्रोत

प्रयागराज, 29 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए शनिवार को रेलगांव स्टेडियम और स्पंदन अधिकारी क्लब में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस दौरान पिछले एक वर्ष में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 खिलाड़ियों और प्रशिक्षक को महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे के खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से लगातार रेलवे और देश को गौरवान्वित कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियां अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इसी क्रम में मुख्यालय, मंडलों और अन्य इकाइयों में खेल प्रतियोगिताएं तथा खिलाड़ियों के सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। शनिवार को कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद के चित्र पर महाप्रबंधक और अन्य अधिकारियों एवं खिलाड़ियों द्वारा माल्यार्पण कर हुई।

इसके बाद महाप्रबंधक ने चार किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ को रवाना किया। इसके अलावा गोला फेंक, 100 मीटर दौड़ और रस्साकशी प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।

11 खिलाड़ियों और प्रशिक्षक का सम्मान

सम्मानित होने वालों में हॉकी खिलाड़ी रोहित, उपासना सिंह और करिश्मा यादव, क्रिकेट खिलाड़ी भावना गोपलानी और परना पॉल, पावर लिफ्टिंग के संदीप सिंह, भारोत्तोलन की कोमल कोहार, एथलेटिक्स के भूपेंद्र सिंह, एथलेटिक्स प्रशिक्षक रागनी गौड़ तथा जिम्नास्टिक के आदित्य सिंह राणा और सिद्धार्थ वर्मा शामिल रहे।

महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन और खेल के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित किए जा रहे खिलाड़ियों के साथ समारोह में प्रत्यक्ष और ऑनलाइन माध्यम से जुड़े अन्य खिलाड़ी भी इन उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करें।

क्रॉस कंट्री में इन खिलाड़ियों ने बाजी मारी

क्रॉस कंट्री दौड़ तीन आयु वर्गों में हुई। 20 वर्ष से कम आयु वर्ग में हार्दिक तिवारी प्रथम, अर्षित जायसवाल द्वितीय और यशराज तृतीय रहे। 20 से 50 वर्ष आयु वर्ग में वाशिष्ठ कुमार प्रथम, मोहम्मद हुसैन द्वितीय और राजेश कुमार तृतीय रहे। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में डॉ. अमित मालवीय प्रथम, रविंद्र प्रसाद द्वितीय और आरएसवी सिंह तृतीय स्थान पर रहे।

गोला फेंक प्रतियोगिता में दिनेश राय प्रथम, दानिश अली द्वितीय और प्रवीण दुबे तृतीय रहे। अधिकारी वर्ग में सचिव महाप्रबंधक अखिल शुक्ला प्रथम तथा प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक एसपी द्विवेदी और प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्रा संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।

100 मीटर दौड़ की बालक वर्ग प्रतियोगिता में दिव्यांश राय प्रथम, विहान सिंह द्वितीय और हार्दिक तिवारी तृतीय रहे। अन्य वर्ग में भारत प्रथम, प्रवीण दुबे द्वितीय और मोहम्मद नासिर तृतीय रहे। रस्साकशी में वाणिज्य विभाग की टीम विजेता और रेलवे सुरक्षा बल की टीम उपविजेता रही।

कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। स्वागत संबोधन अध्यक्ष उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ एवं प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक एसपी द्विवेदी ने किया। उन्होंने खेल संघ की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी। धन्यवाद ज्ञापन महासचिव उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ गौतम जैन ने किया, जबकि संचालन संयुक्त सचिव डॉ. अमित मालवीय ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल