टिकट जांच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रेलकर्मी सम्मानित
जुलाई में विशेष जांच अभियानों से प्रयागराज मंडल ने अर्जित किया 8.90 करोड़ रुपये का राजस्व
प्रयागराज, 12 अगस्त (हि.स.)। प्रयागराज मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियानों में कर्मचारियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। जुलाई 2026 में मंडल के टिकट जांच कर्मचारियों ने कार्रवाई करते हुए 8.90 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं कोचिंग हरि मोहन ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं कोचिंग हरि मोहन के निर्देशन में लगातार टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। सम्मान समारोह में सहायक वाणिज्य प्रबंधक एवं टिकट जांच शशिरंजन और मुख्य वाणिज्य निरीक्षक/टिकट जांच अम्बरीश कुमार राय भी मौजूद रहे।
ओपन स्क्वाड में कुणाल कुमार अव्वल
जुलाई में ओपन स्क्वाड श्रेणी में कुणाल कुमार, मुख्य टिकट निरीक्षक प्रयागराज ने 952 मामलों में कार्रवाई करते हुए 10.09 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर पहला स्थान हासिल किया। संतोष कुमार, वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक ने 9.98 लाख रुपये और राजकुमार यादव, मुख्य टिकट निरीक्षक ने 9.24 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।इसके अलावा अविनाश कुमार सिंह और रविकांत तिवारी, दोनों उप मुख्य टिकट निरीक्षकों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
एमेनिटी स्टाफ में विजय पाल प्रथम
एमेनिटी स्टाफ श्रेणी में विजय पाल, मुख्य टिकट निरीक्षक/प्रयागराज ने सबसे अधिक राजस्व अर्जित कर पहला स्थान प्राप्त किया। पोपट लाल मीणा, लज्जा राम मीणा, बीकेश कुमार सिंह और कृष्णा कुमार चौरसिया ने भी सराहनीय कार्य किया।
महिला टिकट जांच कर्मचारियों में श्वेताम सिंह, उप मुख्य टिकट निरीक्षक ने 891 मामलों में कार्रवाई करते हुए 8.48 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर पहला स्थान हासिल किया।
स्टेशन स्टाफ में अरविंद कुमार सिंह आगे
स्टेशन स्टाफ श्रेणी में चलाए गए गहन टिकट जांच अभियान में अरविंद कुमार सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक/मानिकपुर ने 799 मामलों में कार्रवाई कर 7.82 लाख रुपये का राजस्व अर्जित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सुशांत कुमार, उप मुख्य टिकट निरीक्षक एवं मानिकपुर और ममता रानी, वरिष्ठ टिकट परीक्षक एवं हेडिंग फिरोजाबाद ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। किरण तिवारी, वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक एवं फिरोजाबाद और अंजय कुमार, वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक एवं इटावा ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं कोचिंग हरि मोहन ने सम्मानित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और लगातार किए जा रहे प्रयासों से रेलवे के राजस्व में वृद्धि के साथ यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने और रेल नियमों का पालन करने के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि टिकट जांच अभियान का उद्देश्य केवल रेलवे राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि मंडल यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर यात्रा सुविधा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को आगे भी सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि कार्य संस्कृति में उत्कृष्टता को बढ़ावा मिले।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

