रक्षाबंधन पर प्रयागराज से दिल्ली के लिए चलेगी विशेष ट्रेन
प्रयागराज–शकूरबस्ती के बीच एक-एक फेरे का होगा संचालन, 19 कोच की ट्रेन में यात्रियों को मिलेगी सुविधा
प्रयागराज, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज और शकूरबस्ती के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 04165/04166 रक्षाबंधन स्पेशल का दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा होगा। इससे रक्षाबंधन के बाद दिल्ली की ओर लौटने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
प्रयागराज-शकूरबस्ती स्पेशल (04165) 29 अगस्त को प्रयागराज से रात 8 बजे रवाना होगी। ट्रेन फतेहपुर, कानपुर, इटावा, टूंडला, अलीगढ़ और दिल्ली होते हुए अगले दिन सुबह 10 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।
वहीं, शकूरबस्ती-प्रयागराज स्पेशल (04166) 30 अगस्त को शकूरबस्ती से दोपहर 12 बजे चलेगी। यह ट्रेन दिल्ली, अलीगढ़, टूंडला, इटावा, कानपुर और फतेहपुर होते हुए रात 10:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
19 कोच की होगी विशेष ट्रेन
रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे। इनमें नौ स्लीपर, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, छह सामान्य श्रेणी तथा दो एसएलआर/डी कोच शामिल हैं। रेलवे के इस निर्णय से पर्व के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने गुरुवार काे बताया कि रक्षाबंधन जैसे प्रमुख पर्व पर यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी अवश्य जांच लें तथा रेलवे की व्यवस्थाओं में सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

