home page

स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल यातायात रहेगा बंद

 | 
स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल यातायात रहेगा बंद


12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली समेत पांच प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल की बुकिंग और आवागमन पर रोक

प्रयागराज, 11 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 12 से 15 अगस्त 2026 तक पार्सल यातायात पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस दौरान नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली), हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर किसी भी प्रकार के पार्सल की बुकिंग, आवागमन और रखरखाव नहीं किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार यह प्रतिबंध पार्सल की बुकिंग और आवागमन के साथ-साथ लीज्ड एसएलआर, वीपी और डिमांड वीपी से संबंधित गतिविधियों पर भी लागू रहेगा। प्रतिबंध की अवधि में संबंधित स्टेशनों के माल गोदाम और प्लेटफॉर्म को पार्सल के पैकेट और पैकिंग सामग्री से मुक्त रखा जाएगा।

दिल्ली क्षेत्र से आने-जाने वाले पार्सल पर भी रोक रहेगी। दिल्ली से शुरू होने वाली ट्रेनों तथा अन्य मंडलों या क्षेत्रों से चलकर दिल्ली क्षेत्र में रुकने वाली ट्रेनों में भी पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग नहीं की जाएगी।

यात्रियों के व्यक्तिगत सामान पर रोक नहीं

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को अपने व्यक्तिगत सामान को यात्री डिब्बों में निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुसार ले जाने की अनुमति रहेगी। प्रतिबंध सामान्य यात्रियों के निजी सामान पर लागू नहीं होगा।

रेलवे ने पार्सल ग्राहकों और यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे 12 से 15 अगस्त के बीच दिल्ली क्षेत्र के इन प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल भेजने या वहां से पार्सल मंगाने की योजना न बनाएं। यात्रियों से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में रेलवे का सहयोग करने की अपील की गई है।

सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया निर्णय

प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क प्रबंधक अमित कुमार सिंह ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। यात्रियों और पार्सल ग्राहकों से अनुरोध है कि वे निर्धारित अवधि में दिल्ली के संबंधित स्टेशनों के लिए पार्सल की बुकिंग या प्राप्ति की योजना न बनाएं। यात्रियों के व्यक्तिगत सामान को निर्धारित नियमों के अनुसार ले जाने की अनुमति रहेगी। रेलवे यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है।”

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल