home page

निरंकारी संत समागम के लिए भोडवाल माजरी स्टेशन पर 50 ट्रेनों का दो मिनट ठहराव

 | 
निरंकारी संत समागम के लिए भोडवाल माजरी स्टेशन पर 50 ट्रेनों का दो मिनट ठहराव


30 सितंबर से 31 अक्टूबर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था, ऊंचाहार और जम्मू मेल समेत कई प्रमुख ट्रेनें रुकेंगी

प्रयागराज, 21 अगस्त (हि.स.)। 79वें वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय निरंकारी संत समागम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने भोडवाल माजरी स्टेशन पर 50 ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की है। इन सभी ट्रेनों को 30 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक दो मिनट के लिए भोडवाल माजरी स्टेशन पर रोका जाएगा। रेल प्रशासन ने समागम के दौरान बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया है। यह जानकारी शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का लाभ प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों से समागम में जाने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगा। भोडवाल माजरी स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों में प्रयागराज संगम से चंडीगढ़ जाने वाली 14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस तथा चंडीगढ़ से प्रयागराज संगम आने वाली 14218 ऊंचाहार एक्सप्रेस भी शामिल हैं। ऊंचाहार एक्सप्रेस का भोडवाल माजरी स्टेशन पर क्रमश: सुबह 5:22 से 5:24 बजे और शाम 7:14 से 7:16 बजे तक ठहराव रहेगा।

इसी तरह 20433 सूबेदारगंज-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा जम्मू मेल रात 9:28 से 9:30 बजे तक तथा 20434 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-सूबेदारगंज जम्मू मेल रात 2:13 से 2:15 बजे तक स्टेशन पर रुकेगी। इससे सूबेदारगंज और प्रयागराज क्षेत्र से जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।

रेलवे की ओर से जारी सूची में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-अमृतसर एक्सप्रेस, पुणे-जम्मू तवी झेलम एक्सप्रेस, खजुराहो-कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस, आगरा कैंट-होशियारपुर एक्सप्रेस, केरला संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस, गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, स्वराज एक्सप्रेस, सर्वोदय एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस, टाटा-जम्मू तवी एक्सप्रेस, संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस, हीराकुंड एक्सप्रेस, शहीद कैप्टन तुषार महाजन सुपरफास्ट एक्सप्रेस, साईं नगर शिरडी-कालका सुपरफास्ट एक्सप्रेस, यशवंतपुर-चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस और नांदेड़-अम्ब अंदौरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें शामिल हैं।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि 79वें वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय निरंकारी संत समागम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम रेल यात्रा को ध्यान में रखते हुए भोडवाल माजरी स्टेशन पर 50 ट्रेनों को अस्थायी रूप से दो मिनट का ठहराव दिया गया है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के समय और परिचालन की अद्यतन जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस (NTES) के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से निर्धारित ठहराव अवधि को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर समय से पहुंचने और यात्रा से पहले ट्रेन का अद्यतन समय जांचने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल