प्रयागराज मंडल में 46 रेलकर्मी सेवानिवृत्त, 18.70 करोड़ रुपये का किया गया भुगतान
सुरक्षित रेल परिचालन में योगदान के लिए कर्मचारियों को ‘दुर्घटना-मुक्त पुरस्कार’ से किया सम्मानित
प्रयागराज, 31 अगस्त (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में अगस्त 2026 के दौरान 46 रेलकर्मी अपनी सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर प्रयागराज मंडल कार्यालय के सभागार में सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापन भुगतान से संबंधित आवश्यक दस्तावेज सौंपे और उनके समर्पित सेवाकाल की सराहना की।
मंडल की ओर से अगस्त में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को नियमानुसार कुल 18 करोड़ 70 लाख 46 हजार 255 रुपये का समापन भुगतान डिजिटल माध्यम से किया गया।
अपर मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रेल सेवा में कर्मचारियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
सुरक्षित रेल परिचालन में योगदान का सम्मान
समारोह के दौरान सुरक्षित और संरक्षित रेल परिचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कर्मचारियों को दुर्घटना-मुक्त पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। इनमें वरिष्ठ लोको निरीक्षक, लोको पायलट, पॉइंट्समैन, वरिष्ठ केबिनमैन और केबिन मास्टर सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारी शामिल रहे।
रेलवे के अनुसार पुरस्कार पाने वालों में अश्विनी कुमार, गीतम सिंह, राज रंजन तिवारी, बृजेश कुमार श्रीवास्तव, लाल चंद्र शुक्ला, ओम प्रकाश मिश्रा, सरिता, प्रमोद कुमार सिन्हा, इंद्रपाल सिंह, विजय सिंह, राम सेवक, शंकर लाल और मुकेश कुमार शामिल हैं।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल की सराहना की। सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी रूपेश कुमार सुमन ने सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले देयकों, मानार्थ रेल पास, एचआरएमएस और यूएमआईडी से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी।
परिजनों ने भी लिया हिस्सा
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि सेवानिवृत्ति समारोह रेल कर्मचारियों के लंबे और समर्पित सेवाकाल के सम्मान का अवसर रहा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के योगदान और अनुभव से रेलवे को निरंतर मजबूती मिली है। समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ उनके परिजनों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

