home page

हल्की बारिश में डूब गया आधा शहर, हर मोर्चे पर विफल है भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार : उज्ज्वल रमण सिंह

 | 
हल्की बारिश में डूब गया आधा शहर, हर मोर्चे पर विफल है भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार : उज्ज्वल रमण सिंह


ड्रेनेज व्यवस्था फेल, नालों की सफाई नहीं होने से घरों में भरा पानी; स्मार्ट सिटी समेत योजनाओं का जनता को नहीं मिला लाभ

प्रयागराज, 18 अगस्त (हि.स.)। प्रयागराज सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने मंगलवार को भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि थोड़ी सी बारिश में आधा शहर डूब गया और लोगों के घरों में पानी भर गया। उन्होंने कहा कि शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह विफल है और नालों की सफाई नहीं होने से जलभराव की स्थिति बनी है। सरकार की योजनाएं जनता को राहत देने के बजाय कागजों तक सीमित रह गई हैं।

सांसद ने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई से दिए गए कर के हजारों करोड़ रुपये स्मार्ट सिटी योजना पर खर्च किए गए, लेकिन अधिकारियों की अदूरदर्शिता के कारण इसका वास्तविक लाभ लोगों को नहीं मिला। आज भी थोड़ी सी बारिश होते ही शहर के कई इलाकों में पानी भर जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्मार्ट सिटी योजना के नाम पर इतना पैसा खर्च हुआ तो जलभराव की समस्या का समाधान क्यों नहीं हुआ।

उज्ज्वल रमण सिंह ने कहा कि गांवों में जल निकासी के लिए नालों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई और शहर में नालों की सफाई नहीं हुई। इसका परिणाम यह है कि बारिश के बाद शहर से लेकर गांव तक जलभराव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार को योजनाओं के प्रचार के बजाय जमीन पर काम दिखाई देना चाहिए।

सांसद ने कहा कि जनता को ऐसी सरकार चाहिए जो विकास के लिए काम करे। भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार अपने कार्यकाल में हर मोर्चे पर विफल रही है। स्मार्ट सिटी, जल जीवन मिशन, स्वच्छ गंगा अभियान और स्वच्छता अभियान जैसी योजनाओं का अपेक्षित लाभ जनता को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए, तभी इन्हें सफल माना जा सकता है।

सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा ने कहा कि सरकार को तिरंगा यात्रा और कांवड़ यात्रा के साथ रोजगार और विकास के मुद्दों पर भी उतना ही ध्यान देना चाहिए। यदि सरकार रोजगार और विकास यात्रा पर जोर देती तो देश और प्रदेश की स्थिति कुछ अलग होती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल