मोहर्रम के मद्देनज़र पुलिस ने किया पैदल मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
प्रयागराज, 25 जून (हि.स.)। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य के नेतृत्व में पुलिस बल एवं आरएएफ के साथ नगर क्षेत्र के मिश्रित आबादी वाले इलाकों, प्रमुख चौराहों तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पैदल मार्च किया।
इस दौरान अधिकारियों ने मोहर्रम के जुलूसों के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही ड्रोन कैमरों के माध्यम से संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना तथा पर्व को सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न कराना रहा। अभियान के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली सहित पुलिस एवं आरएएफ के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने कहा कि मोहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है। सभी प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। ड्रोन कैमरों एवं अन्य आधुनिक संसाधनों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और पुलिस की सक्रियता से मोहर्रम का पर्व सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

