home page

डॉक्टर-अधिवक्ता विवाद के बाद एसआरएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य बदले, डॉ. अजय वर्मा को मिला अतिरिक्त प्रभार

 | 
डॉक्टर-अधिवक्ता विवाद के बाद एसआरएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य बदले, डॉ. अजय वर्मा को मिला अतिरिक्त प्रभार


डॉक्टर-अधिवक्ता विवाद के बाद एसआरएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य बदले, डॉ. अजय वर्मा को मिला अतिरिक्त प्रभार


प्रयागराज, 27 मई (हि.स.)। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज प्रयागराज से सबद्ध स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में गत दिनों जूनियर डाक्टरों एवं अधिवक्ताओं के बीच हुए विवाद शांत होने के बाद शासन ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीके पाण्डेय को पद से हटा दिया है। बुधवार को उनके स्थान पर अस्थि रोग विभाग के आचार्य डॉ. अजय कुमार वर्मा को राजकीय मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज के प्राचार्य का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।

चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार डॉ. अजय कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। शासनादेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अतिरिक्त दायित्व के लिए उन्हें अलग से कोई अतिरिक्त वेतन या भत्ता देय नहीं होगा।

शासन के निर्देश पर बुधवार को देर शाम करीब चार घंटे की प्रक्रिया और प्रशासनिक कवायद के बाद पूर्व प्राचार्य डॉ. वीके पाण्डेय ने नव नियुक्त प्रभारी प्राचार्य डॉ. अजय कुमार वर्मा को विधिवत चार्ज सौंप दिया।

बता दें कि यह आदेश 26 मई 2026 को लखनऊ स्थित चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी किया गया। आदेश पर विशेष सचिव कार्तिकेय वर्मा के हस्ताक्षर हैं। इसकी प्रतिलिपि उपमुख्यमंत्री (चिकित्सा शिक्षा), राज्य मंत्री चिकित्सा शिक्षा, महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण, मंडलायुक्त प्रयागराज और जिलाधिकारी प्रयागराज सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में एसआरएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों और अधिवक्ताओं के बीच विवाद के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। इसी घटनाक्रम के बीच शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।

नव नियुक्त प्रभारी प्राचार्य डॉ. अजय कुमार वर्मा के सामने अब मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को सामान्य बनाने और शैक्षणिक व चिकित्सीय कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल