home page

क्रांतिकारियों की शहादत को नमन करने का अभियान है ‘हर घर तिरंगा’ : गणेश केसरवानी

 | 
क्रांतिकारियों की शहादत को नमन करने का अभियान है ‘हर घर तिरंगा’ : गणेश केसरवानी


क्रांतिकारियों की शहादत को नमन करने का अभियान है ‘हर घर तिरंगा’ : गणेश केसरवानी


क्रांतिकारियों की शहादत को नमन करने का अभियान है ‘हर घर तिरंगा’ : गणेश केसरवानी


आजादी के वीरों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के प्रति कर्तव्य निभाएं नागरिक

प्रयागराज, 09 अगस्त (हि.स.)। देश की आजादी के लिए असंख्य नौजवानों और क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी, उनकी शहादत को याद करने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ चलाया जा रहा है। यह बातें प्रयागराज के महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने रविवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के शुभारंभ अवसर पर कहीं।

उन्होंने कहा कि हमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

महापौर ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के लिए वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध लगातार संघर्ष किया। उनके अथक प्रयासों और बलिदान के परिणामस्वरूप देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति मिली। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना और उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल से अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर चंद्रशेखर आजाद पार्क के गेट नंबर-1 से तिरंगा रैली निकाली गई। मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थल पर पहुंचने के बाद अतिथियों और उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

देशभक्ति गीतों और नृत्य ने बांधा समां

कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के पंजीकृत कलाकार सुजाता केसरी एंड कंपनी ने देशभक्ति और सांस्कृतिक भावनाओं से ओत-प्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने ‘हमारे देशवा सोनवा के चिरैया’, ‘मोरे झूलनी के छैया’, ‘बलम दुपहरिया बिताई द हो’ और ‘मेरे झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे, राम आएंगे’ सहित विभिन्न प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। मेरी वाना मेकर, जीजीआईसी कटरा और बेसिक विद्यालय चौक की छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित किया।

9 से 17 अगस्त तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

सिविल डिफेंस के चीफ वार्डेन अनिल कुमार गुप्ता ‘अन्नू भैया’ ने बताया कि प्रयागराज में 09 से 17 अगस्त तक प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की। साथ ही नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी का स्वागत एवं सम्मान जिला विकास अधिकारी जी.पी. कुशवाहा ने किया। क्षेत्रीय अभिलेखागार, प्रयागराज की ओर से काकोरी ट्रेन एक्शन एवं हर घर तिरंगा विषय पर आधारित अभिलेख प्रदर्शनी भी लगाई गई। महापौर सहित उपस्थित लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इस अवसर पर उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा नीरज मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह, जिला कमांडेंट होमगार्ड रणजीत सिंह, जिला स्काउट मास्टर फिरोज खान, उद्यान अधीक्षक जगदीश प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संयोजन पाण्डुलिपि अधिकारी गुलाम सरवर एवं क्षेत्रीय अभिलेख अधिकारी राकेश कुमार वर्मा ने किया। संचालन संस्कृति विभाग के हरिश्चंद्र दुबे ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल