विकास केवल सड़क-नाली तक सीमित नहीं, स्वच्छ वातावरण और हरियाली भी जरूरी : गणेश केसरवानी
कालिंदीपुरम में तीन करोड़ रुपये से बनेगा मियावाकी पद्धति पर आधारित भूलभुलैया पार्क, 75 हजार पौधों का हुआ रोपण
प्रयागराज, 05 नवंबर (हि.स.)। शहर का विकास केवल सड़क, नाली और अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण, पर्याप्त हरियाली, मनोरंजन और शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना भी नगर निगम की प्राथमिकता है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्रों का विकास पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है। इसी सोच के साथ प्रयागराज के विभिन्न क्षेत्रों में पार्क और उपवन विकसित किए जा रहे हैं। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने गुरुवार को कालिंदीपुरम में कहीं।
वह नगर निगम की उपवन योजना के तहत नंदगांव, कालिंदीपुरम में मियावाकी पद्धति से विकसित होने वाले भूलभुलैया पार्क के भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पार्क का विकास 20 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में किया जाएगा। शिलान्यास के बाद महापौर ने परिसर में 75 हजार पौधों का रोपण भी किया।
महापौर ने कहा कि यह पार्क पर्यावरण संरक्षण और शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। नगर निगम का प्रयास है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में ऐसे पार्क और उपवन विकसित किए जाएं, जहां नागरिक स्वच्छ वातावरण में समय बिता सकें और प्रकृति से जुड़ सकें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पार्कों और हरित क्षेत्रों को अपना समझकर उनकी स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखें। अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल भी करें।
भूलभुलैया डिजाइन होगा विशेष आकर्षण
पार्क को आकर्षक भूलभुलैया के स्वरूप में विकसित किया जाएगा। इसका मुख्य प्रवेश द्वार खुला और सुविधाजनक होगा। परिसर में हरी घास के मैदान, टहलने के लिए पैदल पथ और आकर्षक भूदृश्य सज्जा की व्यवस्था होगी। बच्चों, बुजुर्गों और अन्य नागरिकों के बैठने के लिए स्थान बनाए जाएंगे।
ओपन जिम और योग स्थल की भी मिलेगी सुविधा
पार्क में लोगों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए खुला व्यायाम स्थल और योग केंद्र भी विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को सुबह-शाम व्यायाम, योग और टहलने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। स्वच्छता बनाए रखने के लिए पर्यावरण अनुकूल कूड़ेदान लगाए जाएंगे। साथ ही स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था की जाएगी, जिससे पार्क परिसर में पर्याप्त रोशनी रहेगी।
महापौर ने कहा कि प्रयागराज की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान के साथ आधुनिक शहरी विकास को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। पार्क और हरित क्षेत्र किसी भी शहर की सुंदरता और पर्यावरण संतुलन के महत्वपूर्ण आधार हैं। नगर निगम का संकल्प है कि विकास के साथ स्वच्छता, हरियाली और नागरिकों के स्वास्थ्य को भी समान महत्व दिया जाए।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, पार्षद मिथिलेश सिंह, अखिलेश कुमार सिंह, गुलाब सिंह पटेल, भोला तिवारी, बब्लू रघुवंशी, दिग्विजय कुशवाहा, शिव सेवक सिंह, कुसुमलता, अन्नू घिल्डियाल, शिव कुमार भारतीय, अनिल मौर्या सहित नगर निगम के अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

