home page

प्रयागराज : जल निकासी में बाधक अतिक्रमण काे ध्वस्त कर हटाएं : महापौर

 | 
प्रयागराज : जल निकासी में बाधक अतिक्रमण काे ध्वस्त कर हटाएं : महापौर


प्रयागराज : जल निकासी में बाधक अतिक्रमण काे ध्वस्त कर हटाएं : महापौर


प्रयागराज, 26 अगस्त (हि.स.)। जल निकासी के मार्ग में किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां भी अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो रही है, उसे चिन्हित कर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए तत्काल हटाया जाए। नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को जलभराव से राहत दिलाना है और इसके लिए मौके पर प्रभावी कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए। यह निर्देश महापौर गणेश केसरवानी ने बुधवार को बैरहना बंगाली टोला और तालाब नवल राय क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए।

महापौर ने क्षेत्र में जलभराव, सीवर और जल निकासी की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जल निकासी के मार्ग में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण चिन्हित किए गए। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन अतिक्रमणों को नियमानुसार ध्वस्त कर हटाया जाए, जिससे पानी की निकासी निर्बाध रूप से हो सके और लोगों को जलभराव से राहत मिले।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जल निकासी के प्राकृतिक और निर्धारित मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को बिना किसी दबाव के नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। महापौर ने कहा कि केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित रहने के बजाय मौके पर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।

तालाब नवल राय की व्यवस्था भी दुरुस्त करने के निर्देश

तालाब नवल राय के निरीक्षण के दौरान महापौर ने तालाब और उसके आसपास की स्थिति देखी। उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी में आने वाली सभी बाधाओं को चिन्हित कर दूर करने तथा तालाब और आसपास के क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ सीवर और नालियों की सफाई भी प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने और जल निकासी से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा जल निकासी के मार्ग को बाधित किया गया है तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ऐसे अतिक्रमण को हटाया जाए, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी में कोई बाधा न आए।

निरीक्षण के दौरान पार्षद मुकेश लारा, पूर्व पार्षद जगमोहन गुप्ता, विवेक मिश्रा, अवर अभियंता राम सक्सेना, सफाई निरीक्षक अरविंद, गंगा प्रदूषण के अवर अभियंता अभिषेक सिंह, विपिन रावत, बंगाली टोला दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी और नगर निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल