home page

छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, समय से पूरी हों घाटों की व्यवस्थाएं : गणेश केसरवानी

 | 
छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, समय से पूरी हों घाटों की व्यवस्थाएं : गणेश केसरवानी


छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, समय से पूरी हों घाटों की व्यवस्थाएं : गणेश केसरवानी


गणेश केसरवानी ने जेटी, मौजगिरी और काली घाट का किया निरीक्षण साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, बैरिकेडिंग और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाने के दिए निर्देश

प्रयागराज, 14 नवंबर (हि.स.)। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल, सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और महिलाओं के लिए कपड़े बदलने की व्यवस्था समय से पूरी कराई जाए। श्रद्धालुओं को छठ पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यह निर्देश महापौर गणेश केसरवानी ने शनिवार को छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने के दौरान अधिकारियों को दिए।

महापौर ने संबंधित अधिकारियों के साथ जेटी घाट, मौजगिरी घाट और काली घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि सभी श्रद्धालु स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में छठी मैया तथा भगवान सूर्यदेव की उपासना कर सकें। इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं और उनकी लगातार निगरानी भी की जाए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने जल पुलिस के अधिकारियों से बातचीत कर घाटों पर सुरक्षा के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि घाटों पर साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के साथ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम भी बनाए जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

महापौर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए तैयारियां निर्धारित समय में पूरी करने और व्यवस्था पर लगातार नजर रखने को कहा।

निरीक्षण के दौरान पार्षद मुकेश लारा, जगमोहन गुप्ता, श्रीकांत केसरवानी, विवेक मिश्रा, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, सहायक नगर आयुक्त दीपशिखा पांडेय, अवर अभियंता राम सक्सेना और राहुल शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल