home page

जलभराव से स्थायी राहत दिलाना नगर निगम की प्राथमिकता, नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने के निर्देश : गणेश केसरवानी

 | 
जलभराव से स्थायी राहत दिलाना नगर निगम की प्राथमिकता, नालों की सफाई और अतिक्रमण हटाने के निर्देश : गणेश केसरवानी


महापौर ने अल्लापुर में डंडिया नाला और उससे जुड़ी नालियों का किया निरीक्षण, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश

प्रयागराज, 02 नवंबर (हि.स.)। नागरिकों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत दिलाना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए नालों और उनसे जुड़ी नालियों की नियमित सफाई कराने के साथ जल निकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाया जाएगा। बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाएंगे। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने सोमवार को अल्लापुर क्षेत्र में डंडिया नाला और उससे जुड़ी नालियों का निरीक्षण करने के दौरान कहीं।

महापौर ने नालों की स्थिति, जल निकासी व्यवस्था और सफाई कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने की कार्रवाई भी कराई गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि डंडिया नाले और उससे जुड़ी सभी नालियों की समुचित सफाई कराई जाए। जल निकासी में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को हटाकर पानी की निकासी सुचारु बनाई जाए।

उन्होंने कहा कि अल्लापुर क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। केवल अस्थायी सफाई से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि नालों की पूरी व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी है। नगर निगम का संकल्प है कि शहरवासियों को जलभराव से राहत दिलाकर प्रयागराज को स्वच्छ और जलभराव मुक्त बनाया जाए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा, अपर नगर आयुक्त सादाब असलम, मुख्य अभियंता दिनेश चंद्र सचान, पार्षद शिवा सेवक सिंह पटेल, आनंद घड़ियाल, राजू पाठक, आशुतोष द्विवेदी, बृजेश श्रीवास्तव, मनोज मिश्रा और मुन्ना तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल