home page

मेले से पहले सभी मार्ग दुरुस्त हों, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से समझौता नहीं : गणेश केसरवानी

 | 
मेले से पहले सभी मार्ग दुरुस्त हों, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से समझौता नहीं : गणेश केसरवानी


दशहरा-नवरात्रि को लेकर महापौर गणेश केसरवानी ने चौकी मार्ग समेत प्रमुख मेला मार्गों का किया निरीक्षण

प्रयागराज, 05 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी दशहरा, दुर्गा पूजा और नवरात्रि को देखते हुए महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने सोमवार को चौकी मार्ग समेत प्रमुख मेला मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से पहले सभी मार्गों को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाए और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही न हो।

महापौर ने पथरचट्टी रामलीला मैदान, रामबाग फ्लाईओवर, पंचकोशी रोड, माया प्रेस, समयामाता मंदिर कटघर, रामबाग हनुमान मंदिर से साउथ मलाका, कालीबाड़ी मंदिर, मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र, शीशमहल, हटिया और कटघर चौराहे सहित विभिन्न मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त, मार्ग प्रकाश के बिंदु बंद और सीवर के ढक्कन ऊंचे व टूटे मिले। बिजली और नेटवर्क कंपनियों के तार भी कई जगह बेतरतीब लटके पाए गए।

महापौर ने मोहत्सिमगंज स्थित स्टेट्समैन बेकरी वाली गली में सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़क को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी मेला मार्गों पर पैचवर्क, क्षतिग्रस्त पटरी और संपर्क मार्गों की मरम्मत, सीवर व नालियों की सफाई तथा टूटे ढक्कनों को बदलने का काम प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।

उन्होंने मार्ग प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने और बेतरतीब लटके तारों को व्यवस्थित कराने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा सफाई व्यवस्था बेहतर करने, कूड़ा व मलबा हटाने, कीटनाशक का छिड़काव कराने, लीकेज की समस्या दूर करने और आवारा पशुओं को पकड़ने को कहा।

महापौर ने आवश्यकतानुसार अस्थायी मार्ग प्रकाश, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं और कार्यों में कोई शिथिलता न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, सहायक अभियंता जलकल अनिल मौर्या, जोनल सेनेटरी ऑफिसर अरविन्द व प्रवीन, अवर अभियंता, पार्षद नीरज गुप्ता, रितेश मिश्रा, कुसुमलता, अरुण सिंह सहित संबंधित अधिकारी और मेला कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल