home page

सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी : महापाैर

 | 
सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी : महापाैर


सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखना हमारी जिम्मेदारी : महापाैर


500 से अधिक सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण, सुरक्षा किट और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

प्रयागराज, 30 सितंबर (हि.स.)। सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। यह बातें बुधवार को स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत नगर निगम के न्यू बिल्डिंग सभागार में आयोजित सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने कहीं।

उन्होंने कहा कि नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है कि सफाई मित्रों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी मिले।

कार्यक्रम में 500 से अधिक सफाई मित्रों और उनके परिजनों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर लगाया गया। इस दौरान सफाई मित्रों को सुरक्षा किट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के समारोह का सीधा प्रसारण भी सफाई मित्रों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने देखा। समारोह का उद्देश्य सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मान व्यक्त करना था।

स्वास्थ्य शिविर में मदनानी अस्पताल से आए चिकित्सकों ने नेत्र परीक्षण, हड्डी रोग परीक्षण और सामान्य स्वास्थ्य की जांच की। सफाई कार्य की प्रकृति के अनुसार व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई किट), सुरक्षा उपकरण और सुरक्षात्मक सामग्री के उपयोग की जानकारी दी गई तथा किट का वितरण किया गया।

सफाई मित्रों को नमस्ते आईडी कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

सफाई मित्रों को किया सम्मानित

समारोह में विनोद पुत्र संतोष, राजेश पुत्र भोलानाथ, योगेश पुत्र कुलदीप, अर्चना पत्नी रवि, विमला पत्नी विनोद, गोविंद पुत्र छुन्नू लाल और सुनैना पत्नी राजेंद्र सहित अन्य सफाई मित्रों को सुरक्षा किट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् और स्वच्छता शपथ के साथ हुआ। इसके बाद सफाई मित्रों के साथ संवाद और जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त राजीव शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त दीपशिखा पांडेय मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय ममगई ने किया। स्वच्छता एवं खाद्य निरीक्षक दया सागर, वंदना, वीरेंद्र विक्रम और अवधेश सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल