त्योहार से पहले सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराए नगर निगम : गणेश केसरवानी
दशहरा, दुर्गापूजा और दीपावली से पहले युद्धस्तर पर पैचवर्क, सफाई व प्रकाश व्यवस्था के निर्देश
प्रयागराज, 11 सितंबर (हि.स.)। आगामी दशहरा, दुर्गापूजा, विसर्जन और दीपावली के मद्देनजर शहर की सड़कों, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेड़ों की छंटाई के काम युद्धस्तर पर कराए जाएंगे। चौकियां निकलने वाले मार्गों पर विशेष रूप से पैचवर्क कराया जाएगा। दुर्गापूजा पंडालों में रोशनी, सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम बोर्ड की बैठक में शुक्रवार काे महापौर गणेश केसरवानी ने अधिकारियों को त्योहारों से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
महापौर ने पार्षदों की ओर से स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट खराब होने की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए इनकी गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश नगर आयुक्त को दिए। उन्होंने दशहरा से पहले जहां-जहां वेंच वायर लगे हैं, वहां सभी स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन कराने को भी कहा। बैठक में शहर में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों की समय से मरम्मत नहीं होने, जलभराव, सफाई और विकास कार्यों की धीमी गति को लेकर पार्षदों ने भी अधिकारियों के समक्ष अपनी नाराजगी जताई।
सीवर कार्य के बाद समय से हो सड़कों की मरम्मत
बैठक में गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के तहत चल रहे सीवर कार्यों की समीक्षा की गई। पार्षदों ने कहा कि सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कें और गलियां खोद दी जाती हैं, लेकिन काम पूरा होने के बाद उनकी मरम्मत समय से नहीं होती। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। सदस्यों ने सीवर ओवरफ्लो और चोक की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।
अधिकारियों ने बताया कि शहर को विभिन्न प्रभागों में बांटकर कार्य कराया जा रहा है, लेकिन रखरखाव के लिए पर्याप्त मानव संसाधन और बजट की कमी से कुछ काम प्रभावित हो रहे हैं। इस पर सदस्यों ने कहा कि केवल सीवर लाइन चालू होने की जानकारी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जमीन पर ओवरफ्लो और चोक की समस्या का समाधान दिखाई देना चाहिए।
बैठक में तय किया गया कि किसी भी क्षेत्र में सीवर संबंधी कार्य शुरू करने से पहले पूरा टोपोग्राफिकल सर्वे और वास्तविक लेआउट तैयार किया जाए। पुरानी और नई पाइपलाइन की स्थिति स्पष्ट रखी जाए, ताकि बार-बार खुदाई की नौबत न आए। ठेकेदारों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया।
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
पार्षदों ने कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के समय से नहीं पहुंचने की शिकायत की। इस पर संबंधित कर्मचारियों और वाहन चालकों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए। एक महीने में व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई। फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव में लापरवाही पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सुपर सकर मशीन और कॉम्पैक्टर जैसे आधुनिक उपकरण एक माह के भीतर खरीदने का निर्णय लिया गया।
500 बेड के अस्पताल का प्रस्ताव
बैठक में करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से 500 बेड का आधुनिक अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे मंजूरी दी गई। इसमें 200 बेड नगर निगम कर्मचारियों के लिए आरक्षित रखने तथा शेष बेड पर आयुष्मान भारत योजना के तहत जरूरतमंदों का उपचार कराने की योजना है। गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधा विकसित करने का लक्ष्य भी रखा गया।
सड़क, नाला और पार्क निर्माण को मंजूरी
बैठक में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा और पार्क निर्माण समेत विभिन्न वार्डों में सड़क और नाला निर्माण के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। वार्ड-6 कनिहार सहित कई क्षेत्रों में 50 मीटर सड़क और नाले के निर्माण तथा जलभराव की समस्या के समाधान के लिए बजट स्वीकृत किया गया। पार्षदों के मानदेय और विकास निधि बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
महापौर ने अधिकारियों को पार्षदों के प्रस्तावों और जलकल विभाग से संबंधित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में जनता के हित और स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित हो।
बैठक में 10 मार्च, 25 अप्रैल और 17 जुलाई को हुई बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि भी की गई। आगामी त्योहारों को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद महापौर ने बैठक मंगलवार दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।
बैठक में विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, सभी पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

