home page

ओटीएस याेजना का उठाएं लाभ, अंतिम तिथि 15 दिसंबर का न करें इंतजार : गणेश केसरवानी

 | 
ओटीएस याेजना का उठाएं लाभ, अंतिम तिथि 15 दिसंबर का न करें इंतजार : गणेश केसरवानी


15 दिसंबर तक बकाया गृहकर, जलकर और सीवरकर के ब्याज व अधिभार में 100 प्रतिशत छूट का लाभ उठाएं नागरिक

प्रयागराज, 01 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से लागू एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) शहरवासियों के लिए बकाया करों से राहत पाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस योजना के तहत नागरिक अपने बकाया गृहकर, जलकर और सीवरकर का समाधान कर सकते हैं। टैक्स से राहत मिलने से नागरिकों पर आर्थिक बोझ कम होगा और प्रयागराज के विकास को भी गति मिलेगी। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने मंगलवार को योजना के संबंध में जानकारी देते हुए कही।

उन्होंने बताया कि नगर निगम प्रयागराज की ओर से नागरिकों को बकाया कर जमा करने के लिए ओटीएस का लाभ दिया जा रहा है। 15 अगस्त 2026 से 15 दिसंबर 2026 तक बकाया गृहकर, जलकर और सीवरकर पर लगने वाले ब्याज और अधिभार में 100 प्रतिशत छूट का प्रावधान किया गया है।

लंबे समय से बकाया कर वालों को भी मिलेगा लाभ

महापौर ने कहा कि लंबे समय से बकाया कर रखने वाले शहरवासियों के लिए यह योजना विशेष रूप से लाभकारी है। ब्याज और अधिभार में पूरी छूट मिलने से नागरिक कम आर्थिक बोझ के साथ अपने पुराने बकाये का निपटारा कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह पहल नागरिक हित में महत्वपूर्ण निर्णय है। इससे शहरवासियों को अपने बकाया करों का सरलता से समाधान करने का अवसर मिलेगा और नगर निगम को भी राजस्व प्राप्त होगा, जिसका उपयोग शहर के विकास एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा।

महापौर ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

महापौर गणेश केसरवानी ने प्रयागराज के नागरिकों को राहत देने वाली इस योजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार और धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना से बड़ी संख्या में शहरवासियों को लाभ मिलेगा।

महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे 15 दिसंबर की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते ओटीएस का लाभ उठाकर अपने बकाया गृहकर, जलकर एवं सीवरकर का समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि “टैक्स से राहत, समृद्ध प्रयागराज” के संकल्प के साथ नागरिकों की भागीदारी शहर के विकास को और मजबूत करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल