home page

बर्फ शिवलिंग से सजे बाबा मुक्तेश्वर नाथ महादेव, महापौर ने की महाआरती

 | 
बर्फ शिवलिंग से सजे बाबा मुक्तेश्वर नाथ महादेव, महापौर ने की महाआरती


प्रयागराज, 20 अगस्त (हि.स.)। भगवान शिव की आराधना से मनुष्य को आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करने के साथ समाज को एकजुट करने का काम करते हैं। उक्त बातें गुरुवार को महाआरती करने के बाद प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने हीवेट रोड स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में बाबा मुक्तेश्वर नाथ महादेव की महाआरती के दौरान कही।

श्रीराम मंदिर के प्रांगण में राहुल सिंह आजाद के संयोजन में बाबा मुक्तेश्वर नाथ महादेव का बर्फ शिवलिंग से भव्य श्रृंगार किया गया। विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद महापौर गणेश केसरवानी ने बाबा की महाआरती की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और ढोल-नगाड़ों के बीच भक्तों ने भगवान शिव के जयकारे लगाए।

महाआरती में भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, भाजपा नेता राजेश केसरवानी, मुरारी लाल अग्रवाल, केके अग्रवाल, अजय अग्रहरि, अतुल खन्ना और अजीत सिंह सहित अन्य लोग शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने बाबा मुक्तेश्वर नाथ महादेव के बर्फ शिवलिंग के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने भगवान भोलेनाथ पर आधारित झांकी प्रस्तुत की। झांकी और भक्ति गीतों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर परिसर में देर तक धार्मिक वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के संयोजक राहुल सिंह आजाद रहे, जबकि बर्फ शिवलिंग श्रृंगार की व्यवस्था भोलानाथ चौरसिया और गोपाल जी स्वर्णकार ने संभाली। कार्यक्रम में पुजारी विनय पांडेय, विनय रंजन निगम, दाऊ दयाल गुप्ता, सतीश चंद्र केसरवानी, प्रमोद बंसल सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल